चंबा जिले में मणिमहेश यात्रा से लौट रहे हैदराबाद के पांच श्रद्धालु सोमवार रात गुई नाला के पास अचानक हुए भूस्खलन के कारण रास्ते में फंस गए। सूचना मिलते ही पुलिस ने देर रात राहत एवं बचाव अभियान चलाया और सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित हड़सर पहुंचाया। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। पुलिस ने श्रद्धालुओं से मौसम की जानकारी लेकर और स्थानीय गाइड के साथ ही यात्रा करने की अपील की है।

जानकारी के अनुसार, मणिमहेश डल झील में दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालु सोमवार रात करीब 8:30 बजे गुई नाला के समीप पहुंचे थे। इसी दौरान पहाड़ी से अचानक भूस्खलन हो गया, जिससे उनका रास्ता बंद हो गया और अंधेरा होने के कारण आगे बढ़ना भी संभव नहीं रहा। इसके बाद श्रद्धालुओं ने पुलिस से मदद मांगी।

सूचना मिलते ही सब इंस्पेक्टर अनिल वालिया के नेतृत्व में पुलिस दल घटनास्थल के लिए रवाना हुआ। करीब एक घंटे की कठिन पैदल चढ़ाई के बाद टीम श्रद्धालुओं तक पहुंची और उन्हें सुरक्षित हड़सर ले आई। वहां उनके ठहरने की व्यवस्था भी की गई। मंगलवार सुबह सभी श्रद्धालु सुरक्षित अपने घरों के लिए रवाना हो गए। राहत की बात यह रही कि भूस्खलन की चपेट में कोई नहीं आया और किसी तरह का जान-माल का नुकसान नहीं हुआ।

पुलिस के अनुसार, फंसे श्रद्धालुओं की पहचान सुशील (26), पुत्र रवि, विष्णु (17), पुत्र श्रीनिवास, राजू (21), पुत्र मलिकार्जुन, रोहित (21), पुत्र स्वर्गीय अजय और मोहित (19), पुत्र हरि, सभी निवासी डीआरडीएल, हैदराबाद, के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि श्रद्धालुओं के साथ कोई स्थानीय गाइड नहीं था, जिसके कारण उन्हें कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।

पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने बताया कि सभी पांच श्रद्धालुओं को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया है। उन्होंने बाहरी राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं से अपील की कि मणिमहेश यात्रा के दौरान स्थानीय गाइड को साथ रखें और मौसम की ताजा जानकारी लेने के बाद ही यात्रा करें। उल्लेखनीय है कि मणिमहेश यात्रा अभी आधिकारिक रूप से शुरू नहीं हुई है, लेकिन प्रतिदिन श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


