हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले की बोह आपदा को लेकर भाजपा जिला कांगड़ा व्यापार प्रकोष्ठ के संयोजक नवनीत शर्मा ने प्रदेश सरकार से बेघर हुए परिवारों के लिए सीधे मकान बनाकर देने की मांग की है। उन्होंने प्रेस के नाम जारी बयान में कहा कि सरकार को केवल आर्थिक सहायता देने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि प्रभावित परिवारों का स्थायी पुनर्वास सुनिश्चित करना चाहिए।

नवनीत शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने आपदा प्रभावित परिवारों को मकान निर्माण के लिए ₹7.5 लाख की सहायता देने की घोषणा की है, लेकिन मौजूदा समय में इतनी राशि से मकान का निर्माण संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि आज के समय में इस राशि से घर की नींव तक तैयार करना मुश्किल है और यह सहायता वास्तविक निर्माण लागत की तुलना में बेहद कम है।

उन्होंने कहा कि बोह पहाड़ी क्षेत्र में स्थित है, जहां निर्माण सामग्री दूर-दराज के इलाकों से मंगवानी पड़ती है। ऐसे में परिवहन पर ही लाखों रुपये का अतिरिक्त खर्च आता है, जिससे मकान निर्माण की कुल लागत और बढ़ जाती है। उनके अनुसार यदि सरकार वास्तव में प्रभावित परिवारों की मदद करना चाहती है, तो उसे स्वयं मकानों का निर्माण कर तैयार घर लाभार्थियों को सौंपने चाहिए।

नवनीत शर्मा ने कहा कि प्रभावित परिवार इस समय बेहद कठिन परिस्थितियों से गुजर रहे हैं और उनका सब कुछ मलबे में दब चुका है। उन्होंने सरकार से राहत नियमों से आगे बढ़कर जरूरतमंद परिवारों के लिए विशेष कदम उठाने की अपील की। उनका कहना था कि करीब 35 मकानों का निर्माण सरकार के लिए कोई बड़ा कार्य नहीं है और इससे प्रभावित परिवारों को स्थायी राहत मिल सकेगी।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


