सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के आह्वान पर शुक्रवार को देशव्यापी हड़ताल रही। हड़ताल के चलते देशभर में सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों की बैंकिंग सेवाएं प्रभावित हुईं और कई शाखाएं पूरी तरह या आंशिक रूप से बंद रहीं। बैंक कर्मचारी पांच-दिवसीय कार्य सप्ताह को तत्काल लागू करने के साथ लंबित वेतन और अन्य मांगों को लेकर विरोध कर रहे हैं। इसका सीधा असर बैंक ग्राहकों के रोजमर्रा के कामकाज पर पड़ा।
यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस सात बैंक संघों का शीर्ष निकाय है और यह बैंक अधिकारियों तथा कर्मचारियों की करीब 90 फीसदी संख्या का प्रतिनिधित्व करता है। हड़ताल के कारण देशभर में सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों की अधिकांश शाखाओं में कामकाज प्रभावित रहा। हालांकि, निजी क्षेत्र के बैंकों की सेवाओं पर इस हड़ताल का कोई असर नहीं पड़ा।
हड़ताल क्यों बुलाई गई?
बैंक यूनियनों की प्रमुख मांग सभी शनिवार को बैंक कर्मचारियों के लिए अवकाश घोषित करने की है। मार्च 2024 में इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) के साथ हुए 12वें द्विपक्षीय समझौते में इस मांग पर कथित तौर पर सहमति बनी थी, लेकिन इसे अभी तक सरकारी अधिसूचना का इंतजार है। फिलहाल बैंक महीने के पहले, तीसरे और पांचवें शनिवार को खुले रहते हैं। ऑल इंडिया बैंक एम्प्लॉइज एसोसिएशन (AIBEA) के महासचिव सी एच वेंकटचलम ने कहा कि सरकार की ओर से उनकी मांग पर सकारात्मक परिणाम नहीं मिलने के कारण यह हड़ताल उन पर थोपी गई है।
बैंक कर्मचारियों की अन्य प्रमुख मांगें क्या हैं?
बैंक कर्मचारियों की लंबित मांगों में पेंशन का अपडेट और सुधार भी शामिल है। इसके साथ ही सभी पेंशनभोगियों के लिए एक समान महंगाई भत्ता फॉर्मूला लागू करने की मांग की जा रही है। नेशनल पेंशन सिस्टम (NPS) के दायरे में आने वाले कर्मचारियों को ओल्ड पेंशन स्कीम (OPS) में शामिल होने का विकल्प देने की मांग भी अभी लंबित है। बैंक कर्मचारी और अधिकारी इस मुद्दे पर अपने साथ भेदभाव किए जाने से नाराज हैं।
ग्राहकों पर क्या असर पड़ा?
हड़ताल के कारण नकद जमा और निकासी, चेक क्लियरिंग तथा कई प्रशासनिक कार्य प्रभावित हुए। सार्वजनिक क्षेत्र के अधिकांश बैंकों और कुछ पुराने निजी क्षेत्र के बैंकों की शाखाओं में कामकाज ठप रहा। हालांकि, UPI और इंटरनेट बैंकिंग जैसी डिजिटल सेवाएं चालू रहीं। अधिकांश सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों ने पहले ही अपने ग्राहकों को हड़ताल के संभावित असर की जानकारी दे दी थी। भारतीय स्टेट बैंक (SBI) ने भी ग्राहकों को सलाह दी थी कि हड़ताल के कारण बैंक के कामकाज पर असर पड़ सकता है।



For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


