Una: ऊना में विवाहिता को जबरन पिलाया जहर! हालत नाजुक, पति और सास पर गंभीर आरोप

हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक विवाहिता को कथित तौर पर जबरन जहरीला पदार्थ पिलाने का आरोप लगा है। महिला की हालत गंभीर बनी हुई है और प्राथमिक उपचार के बाद उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है। पुलिस ने पीड़िता की बहन की शिकायत पर आरोपी पति और सास के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार मामला हरोली थाना क्षेत्र के गांव कांटे का है। पीड़िता अमनदीप कौर की बहन मनदीप कौर ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि अमनदीप की शादी करीब 12 साल पहले रणजीत सिंह के साथ हुई थी। शादी के बाद संतान न होने के कारण पति और सास उसे लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करते थे। शिकायतकर्ता के मुताबिक दो-तीन दिन पहले भी अमनदीप के साथ मारपीट की गई थी, जिसके बाद महिला पुलिस थाना में शिकायत दर्ज करवाई गई थी।

Advertisement

घटना वाले दिन मनदीप कौर को सूचना मिली कि उसकी बहन के साथ फिर मारपीट हो रही है। जब वह मौके पर पहुंची तो अमनदीप घर के बरामदे में बदहवास हालत में मिली। पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसके पति और सास ने मिलकर उसे अनाज में डालने वाली जहरीली दवाई जबरन पिला दी। महिला के चेहरे पर भी जहरीले पदार्थ के निशान दिखाई दिए।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंची और मामले से जुड़े साक्ष्य जुटाए। डीएसपी हरोली मोहन रावत ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पीड़िता की बहन की शिकायत के आधार पर आरोपी पति और सास के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है और कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!