हिमाचल प्रदेश में पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों को लेकर राज्य चुनाव आयोग ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। चुनावी प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न करवाने के लिए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। रविवार सुबह चुनाव ड्यूटी पर तैनात 8198 पोलिंग पार्टियां अपने-अपने मतदान केंद्रों के लिए रवाना हुईं और शाम तक संबंधित स्थानों पर पहुंच गईं। सोमवार को मतदान केंद्रों पर अंतिम तैयारियां पूरी की जाएंगी, ताकि मंगलवार सुबह तय समय पर मतदान शुरू हो सके।
प्रदेश में पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव तीन चरणों में करवाए जाएंगे। पहले चरण में 26 मई यानी मंगलवार को 1293 ग्राम पंचायतों में मतदान होगा। इसके बाद दूसरे चरण में 28 मई को 1279 ग्राम पंचायतों और तीसरे व अंतिम चरण में 30 मई को 1187 ग्राम पंचायतों में वोटिंग करवाई जाएगी। पहले चरण के लिए रविवार शाम को चुनाव प्रचार थम गया। प्रचार के आखिरी दिन प्रधान, उपप्रधान और वार्ड सदस्य पदों के उम्मीदवारों ने मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के लिए पूरी ताकत झोंक दी। कई क्षेत्रों में प्रत्याशी डोर-टू-डोर संपर्क अभियान में जुटे रहे और चुनावी समीकरण मजबूत करने के लिए अन्य उम्मीदवारों के साथ समझौते भी किए गए।

राज्य चुनाव आयोग ने पूरे प्रदेश में कुल 21,678 मतदान केंद्र स्थापित किए हैं। इनमें से 16,539 मतदान केंद्र सामान्य श्रेणी में रखे गए हैं, जबकि 3,554 केंद्रों को संवेदनशील और 1,585 मतदान केंद्रों को अति संवेदनशील घोषित किया गया है। इन केंद्रों पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं ताकि मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से पूरी हो सके।
चुनाव ड्यूटी के लिए करीब 35 हजार कर्मचारियों की तैनाती की गई है, जो तीनों चरणों के मतदान को सफलतापूर्वक संपन्न करवाने में जुटे रहेंगे। आयोग ने सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे बिना किसी दबाव या प्रलोभन के स्वतंत्र और निष्पक्ष रूप से अपने मताधिकार का प्रयोग करें।
मतदान के दौरान मतदाताओं को पहचान के लिए फोटो पहचान पत्र के साथ आयोग द्वारा मान्य 16 दस्तावेजों में से कोई एक दस्तावेज साथ लाना होगा। इनमें ड्राइविंग लाइसेंस, आयकर पहचान पत्र, बैंक पासबुक, राशन कार्ड, छात्र पहचान पत्र, आधार कार्ड, पेंशन दस्तावेज, रेलवे या बस पास और अन्य सरकारी पहचान पत्र शामिल हैं।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!