हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के अर्की उपमंडल के तहत आने वाले नमोल गांव के युवा ध्रुव तनवर ने अपनी मेहनत और लगन के दम पर बड़ी सफलता हासिल कर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। ध्रुव ने देश की सबसे कठिन परीक्षाओं में गिनी जाने वाली कॉमन एडमिशन टेस्ट (CAT) परीक्षा पास कर एक साथ कई प्रतिष्ठित इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट (IIM) में प्रवेश हासिल किया है। उन्हें आईआईएम काशीपुर, आईआईएम अमृतसर, आईआईएम जम्मू, आईआईएम बोधगया और दिल्ली विश्वविद्यालय के डीबीई में एडमिशन मिला है। उनकी इस उपलब्धि की पूरे क्षेत्र में चर्चा हो रही है।
ध्रुव तनवर की सफलता की सबसे खास बात यह रही कि उन्होंने किसी महंगी कोचिंग का सहारा नहीं लिया। उन्होंने पूरी तैयारी सेल्फ स्टडी के जरिए की और अपनी मेहनत से यह मुकाम हासिल किया। बीए एलएलबी की पढ़ाई के साथ-साथ उन्होंने समय निकालकर CAT परीक्षा की तैयारी की। इसके बाद उन्होंने ग्रुप डिस्कशन और पर्सनल इंटरव्यू जैसे कठिन चरण भी शानदार तरीके से पास किए।

ध्रुव वर्तमान में हरियाणा के सोनीपत स्थित डॉ. बीआर अंबेडकर नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी से बीए एलएलबी के अंतिम सेमेस्टर की पढ़ाई कर रहे हैं। उन्होंने अपनी शुरुआती शिक्षा सोलन के सेंट ल्यूक्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल से हासिल की, जबकि 11वीं और 12वीं की पढ़ाई चंडीगढ़ के भवन विद्यालय से पूरी की। पढ़ाई में हमेशा अव्वल रहने वाले ध्रुव इंटरनेशनल इंग्लिश ओलंपियाड में भी मेडल जीत चुके हैं। पढ़ाई के अलावा उन्हें जिमिंग और फुटबॉल का भी शौक है।
ध्रुव एक शिक्षित और प्रेरणादायक परिवार से संबंध रखते हैं। उनके पिता हेमंत तनवर हिमाचल प्रदेश जल शक्ति विभाग में कार्यरत हैं, जबकि माता मंजु तनवर सामाजिक कार्यों में सक्रिय रहती हैं। उनकी बड़ी बहन जाह्नवी तनवर ने एचपीएनएलयू शिमला से बीबीए एलएलबी और राजीव गांधी नेशनल यूनिवर्सिटी ऑफ लॉ, पटियाला से मास्टर्स की डिग्री हासिल की है। परिवार के अन्य सदस्य भी न्यायिक सेवाओं में कार्यरत हैं।
ध्रुव तनवर की यह सफलता आज के युवाओं के लिए बड़ी प्रेरणा बनकर सामने आई है। उन्होंने यह साबित कर दिया कि अगर मेहनत, आत्मविश्वास और सही दिशा में प्रयास किया जाए तो बिना कोचिंग के भी बड़ी परीक्षाओं में सफलता हासिल की जा सकती है। सोलन और हिमाचल प्रदेश के लोगों ने उनकी इस उपलब्धि पर खुशी जताई है।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!