Himachal: जेल से छूटते ही फिर शुरू की महिला की स्टॉकिंग, शिमला पुलिस ने यूपी के युवक को दबोचा

हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले में एक बार फिर महिला सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस थाना कोटखाई में एक महिला की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने उत्तर प्रदेश के एक युवक को स्टॉकिंग और लगातार मानसिक रूप से परेशान करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। हैरानी की बात यह है कि आरोपी पहले भी इसी तरह के मामलों में शामिल रह चुका है और जेल से बाहर आने के बाद उसने दोबारा महिला को परेशान करना शुरू कर दिया था।

पुलिस के अनुसार पीड़ित महिला ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि आरोपी प्रशांत शेखर सिंह निवासी जानकीपुरम, लखनऊ उसे व्हाट्सएप मैसेज, फोन कॉल और अन्य माध्यमों से लगातार परेशान कर रहा था। शिकायत मिलने के बाद कोटखाई पुलिस ने 7 मई 2026 को भारतीय न्याय संहिता की धारा 78 और 351(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

Advertisement

जांच के दौरान पुलिस ने 19 मई को आरोपी प्रशांत को पूछताछ के लिए थाने बुलाया। पूछताछ में आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड सामने आया। पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी पहले भी कई महिलाओं की स्टॉकिंग और पीछा करने जैसे मामलों में शामिल रहा है। उसके खिलाफ अलग-अलग राज्यों में कुल 5 मामले दर्ज हैं, जिनमें से दो मामले केवल कोटखाई पुलिस थाना क्षेत्र से जुड़े हुए हैं।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी हाल ही में जेल से रिहा हुआ था। जेल से बाहर आने के बाद भी उसने अपनी हरकतें नहीं छोड़ीं और पीड़िता से दोबारा संपर्क कर उसे मानसिक रूप से परेशान करने लगा।

शिमला के एसएसपी गौरव सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि आरोपी बार-बार एक ही तरह के अपराध को अंजाम दे रहा था। ऐसे में महिला और उसके परिवार की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!