सरदार पटेल विश्वविद्यालय (SPU) मंडी के छात्रों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। विश्वविद्यालय ने मार्च-अप्रैल 2026 में आयोजित बीकॉम फाइनल ईयर परीक्षाओं का परिणाम घोषित कर दिया है। यह रिजल्ट विश्वविद्यालय के अधिकार क्षेत्र में आने वाले पांच जिलों के सभी संबद्ध कॉलेजों के छात्रों के लिए एक साथ जारी किया गया है।
इस बार बीकॉम फाइनल ईयर का परिणाम काफी शानदार रहा है। विश्वविद्यालय के अनुसार कुल पास प्रतिशत 90.6 फीसदी दर्ज किया गया है। परीक्षा नियंत्रक डॉ. सानील ठाकुर ने परिणाम पर खुशी जताते हुए कहा कि यह सफलता छात्रों, शिक्षकों और संबद्ध कॉलेजों की मेहनत व शैक्षणिक प्रतिबद्धता का परिणाम है।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने बताया कि छात्र SPU के आधिकारिक स्टूडेंट पोर्टल पर जाकर अपना रिजल्ट ऑनलाइन चेक कर सकते हैं। इसके लिए छात्रों को विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट https://spumandiexam.in पर विजिट करना होगा।
साथ ही परीक्षा नियंत्रक की ओर से छात्रों के लिए एक महत्वपूर्ण सलाह भी जारी की गई है। छात्रों से कहा गया है कि वे अपने रिजल्ट का पूरा विवरण ध्यान से जांच लें। यदि किसी छात्र को अपने परिणाम में कोई त्रुटि या विसंगति दिखाई देती है, तो वह तुरंत अपने संबंधित कॉलेज या विश्वविद्यालय की परीक्षा शाखा से संपर्क कर सकता है, ताकि समय रहते सुधार किया जा सके।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने सफल छात्रों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और आगामी करियर के लिए शुभकामनाएं दी हैं। परीक्षा नियंत्रक डॉ. सानील ठाकुर ने कहा कि सरदार पटेल विश्वविद्यालय समय पर परीक्षा परिणाम घोषित करने और उच्च शैक्षणिक गुणवत्ता बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!