Himachal: धर्मशाला में कांग्रेस का बड़ा प्लान: 10 दिन का ट्रेनिंग कैंप, राहुल गांधी होंगे शामिल

हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस संगठन को मजबूत करने के लिए बड़ा कदम उठाया जा रहा है। संगठन सृजन अभियान के तहत नियुक्त जिला अध्यक्षों के लिए धर्मशाला में विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 21 से 30 अप्रैल तक चलेगा, जिसमें हिमाचल प्रदेश के साथ-साथ पंजाब और जम्मू-कश्मीर के जिला अध्यक्ष भी हिस्सा लेंगे। इस दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी भी कार्यक्रम में मुख्य रूप से शामिल होंगे।

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष विनय कुमार ने शिमला स्थित राजीव भवन में मीडिया से बातचीत के दौरान बताया कि इस प्रशिक्षण कार्यक्रम की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के दौरान जिला अध्यक्ष गांव-गांव जाकर लोगों से संवाद भी करेंगे, ताकि संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत किया जा सके।

उन्होंने यह भी बताया कि शिमला ग्रामीण और किन्नौर के जिला अध्यक्षों की नियुक्ति प्रशिक्षण कार्यक्रम से पहले कर दी जाएगी, ताकि वे भी इस कैंप में भाग ले सकें। इसके अलावा, कांग्रेस ने प्रदेश कार्यकारिणी का गठन कर लिया है और जल्द ही ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्तियां भी कर दी जाएंगी, जिसके बाद जिला कमेटियों के गठन की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।

पंचायती राज चुनावों को लेकर कांग्रेस पूरी तरह सक्रिय नजर आ रही है। विनय कुमार ने कहा कि ये चुनाव पार्टी के लिए सेमीफाइनल की तरह हैं, क्योंकि अगले वर्ष विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में पार्टी उन उम्मीदवारों को प्राथमिकता देगी, जो कांग्रेस की विचारधारा से जुड़े हों। यदि किसी क्षेत्र में एक से अधिक उम्मीदवार सामने आते हैं, तो उनमें समन्वय स्थापित करने की कोशिश की जाएगी।

उन्होंने सरकार और संगठन के बीच बेहतर तालमेल होने की बात भी कही। साथ ही मुख्यमंत्री द्वारा पेश किए गए बजट की सराहना करते हुए कहा कि इसमें ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए कई अहम कदम उठाए गए हैं। आने वाले नगर निगम चुनावों को लेकर भी पार्टी रणनीति तैयार कर रही है और इसमें मंत्रियों व वरिष्ठ नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।

वहीं भाजपा पर निशाना साधते हुए विनय कुमार ने कहा कि प्रदेश भाजपा कई गुटों में बंटी हुई है और उनके बीच तालमेल की कमी साफ नजर आती है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा में शामिल हुए कुछ नेताओं को भी समझ नहीं आ रहा कि किसके साथ खड़े हों, इसलिए वे सरकार पर बेबुनियाद आरोप लगा रहे हैं।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!