नगर पंचायत शाहपुर में आगामी चुनावों को लेकर सियासी माहौल गर्माने लगा है। इसी बीच हनुमान जयंती के मौके पर पूर्व मनोनीत पार्षद राजीव पटियाल ने वार्ड नंबर 5 से अपनी उम्मीदवारी का ऐलान कर चुनावी मैदान में उतरने की घोषणा कर दी है। उनकी एंट्री के साथ ही स्थानीय राजनीति में नई हलचल देखने को मिल रही है।
अपनी दावेदारी पेश करते हुए राजीव पटियाल ने पिछले चुनावों का जिक्र करते हुए कहा कि उनकी धर्मपत्नी आरती देवी पिछली बार महज 4 वोटों के अंतर से चुनाव हार गई थीं। उन्होंने इसे जनता के प्यार और समर्थन का संकेत बताते हुए कहा कि इस बार वे उस कमी को पूरा करने के लिए पूरी ताकत के साथ चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने वार्ड नंबर 5 के मतदाताओं से भावुक अपील करते हुए समर्थन और आशीर्वाद मांगा और कहा कि अब समय आ गया है कि अधूरी जीत को पूरा किया जाए।
राजीव पटियाल ने विधायक केवल सिंह पठानिया का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि 27 अप्रैल 2023 को उन्हें नगर पंचायत शाहपुर के लिए नामित किया गया था, जिसके लिए वे सदैव आभारी रहेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि वार्डों को अनारक्षित किया जाना लोकतंत्र की जीत है। पटियाल ने बताया कि पहले कुछ कारणों से पंचायत को आरक्षित किया गया था, लेकिन प्रशासनिक अधिकारियों ने नियमों का पालन करते हुए इसे अनारक्षित कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत किया है।
उन्होंने विश्वास जताया कि इस बार जनता का पूरा समर्थन उन्हें मिलेगा और वे क्षेत्र के विकास के लिए पूरी निष्ठा से काम करेंगे।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!