Shimla: संदिग्ध गाड़ी ने खोला राज… शिमला में कॉपर तार चोरी करने वाला गिरोह पकड़ा, दो महिलाएं समेत तीन गिरफ्तार

हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के बालूगंज थाना क्षेत्र में पुलिस ने कॉपर यानी तांबे के तार चोरी करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बिहार मूल की दो महिलाओं सहित कुल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से चोरी की गई कॉपर केबल भी बरामद की गई है।

मामले की शुरुआत उस समय हुई जब नेरी निवासी परेश शर्मा ने शुक्रवार को गांव मानला में एक संदिग्ध वाहन देखा। वाहन में दो महिलाएं भी सवार थीं, जिससे उन्हें शक हुआ। उन्होंने बिना देर किए इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही बालूगंज थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और वाहन की तलाशी ली। जांच के दौरान गाड़ी में रखी सफेद बोरी से कॉपर केबल बरामद हुई, जिसे छिपाकर ले जाया जा रहा था।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों की पहचान मनीषा (28) और संगीता (20) के रूप में हुई है। दोनों मूल रूप से बिहार के दरभंगा जिले की रहने वाली हैं और फिलहाल शिमला के फागली स्थित झुग्गी-झोंपड़ी में रह रही थीं। तीसरे आरोपी की पहचान मनोज कुमार (21) निवासी लोअर फागली, शिमला के रूप में हुई है।

एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि तीनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर चोरी का सामान जब्त कर लिया गया है। उनके खिलाफ बीएनएस की धारा 303(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि क्या ये आरोपी शहर में हुई अन्य चोरी की वारदातों में शामिल रहे हैं। जिला पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!