Sirmaur: लिफ्ट लेना पड़ा जानलेवा: कालाअम्ब में ट्रैक्टर-ट्रॉली के नीचे कुचले गए प्रवासी दंपति, बाइक चालक फरार

हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के औद्योगिक क्षेत्र कालाअम्ब में वीरवार दोपहर एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। त्रिलोकपुर से लौट रहे एक प्रवासी दंपति के लिए बाइक पर लिफ्ट लेना जानलेवा साबित हुआ। बाइक चालक की लापरवाही और गलत तरीके से ओवरटेक करने की जल्दबाजी ने पति-पत्नी की जान ले ली। ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि आरोपी बाइक चालक हादसे के बाद फरार हो गया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह हादसा वीरवार दोपहर का है। दंपति त्रिलोकपुर से कालाअम्ब की ओर लौट रहे थे। रास्ते में उन्होंने एक अंजान बाइक सवार से लिफ्ट मांगी और वह उन्हें साथ ले गया। जब वे रुचिरा पेपर मिल के पास पहुंचे तो बाइक चालक ने आगे चल रहे ट्रैक्टर को गलत तरीके से ओवरटेक करने की कोशिश की। इसी दौरान बाइक असंतुलित हो गई और सीधे ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। टक्कर के बाद बाइक के पीछे बैठे पति-पत्नी सड़क पर गिर पड़े और दुर्भाग्यवश ट्रैक्टर के पिछले पहियों के नीचे आ गए। गंभीर रूप से कुचले जाने के कारण दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं बाइक चालक दूसरी ओर गिरा, लेकिन हादसे की गंभीरता देख मौके से भाग निकला।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। शवों को कब्जे में लेकर पहचान की गई। मृतकों की पहचान जगरू मांझी और उनकी पत्नी लखपति देवी के रूप में हुई है। दोनों मूल रूप से बिहार के भागलपुर जिले के गोपालगंज क्षेत्र के रहने वाले थे। रोजी-रोटी की तलाश में वे हिमाचल आए थे और फिलहाल कालाअम्ब के खैरी गांव में रह रहे थे। बताया जा रहा है कि वे मोगीनन्द क्षेत्र के एक उद्योग में मजदूरी करते थे।

पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए नाहन मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। एएसपी सिरमौर योगेश रोल्टा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रारंभिक जांच में यह मामला बाइक चालक की लापरवाही का लग रहा है। यातायात नियमों की अनदेखी के कारण यह दुखद हादसा हुआ। पुलिस ने अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है और जल्द ही उसे गिरफ्तार करने का दावा किया है।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!