Chamba: चम्बा के छात्रों के लिए बड़ी खुशखबरी: सेंट स्टीफन सीनियर सेकेंडरी स्कूल को मिला आईसीएसई बोर्ड का दर्जा

चम्बा शहर के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान सेंट स्टीफन सीनियर सेकेंडरी स्कूल ने एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। वर्षों की कड़ी मेहनत और समर्पण के बाद स्कूल को आधिकारिक तौर पर आईसीएसई बोर्ड से मान्यता मिल गई है। यह उपलब्धि चम्बा के विद्यार्थियों के लिए विश्वस्तरीय शिक्षा के नए अवसर खोलने वाली मानी जा रही है।

स्कूल के चेयरमैन विशाल स्त्रावला ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि सेंट स्टीफन स्कूल की स्थापना वर्ष 1976 में मंडी में हुई थी और 2004 में इसे चम्बा में शुरू किया गया। शुरुआती दिनों में स्कूल किराए के भवन में 11वीं और 12वीं कक्षाओं के साथ संचालित होता था। प्रबंधन, स्टाफ और अभिभावकों के सहयोग से संस्थान ने लगातार प्रगति की। वर्ष 2016 में गांव बनियाग में स्कूल का अपना भव्य परिसर तैयार हुआ और 2017 में स्कूल वहां स्थानांतरित हो गया।

विशाल ने कहा कि उनका सपना शुरू से ही चम्बा के बच्चों को आईसीएसई बोर्ड की शिक्षा उपलब्ध करवाना था। पिछले एक वर्ष से इस दिशा में विशेष प्रयास किए गए। आईसीएसई के कड़े मानकों को पूरा करने के लिए स्कूल में कई बड़े बदलाव किए गए, जिनमें आधुनिक परीक्षा हॉल, अत्याधुनिक साइंस और कंप्यूटर लैब्स, हाई-टेक पुस्तकालय और उन्नत शैक्षणिक सुविधाएं शामिल हैं। काउंसिल द्वारा दो बार किए गए विस्तृत निरीक्षण के बाद स्कूल को सभी मानकों पर खरा पाया गया और मान्यता प्रदान कर दी गई।

उन्होंने बताया कि आईसीएसई बोर्ड अपनी उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा और राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप पाठ्यक्रम के लिए जाना जाता है। इस बोर्ड में अंग्रेजी भाषा और साहित्य अलग-अलग विषय होते हैं, जिससे विद्यार्थियों के संचार कौशल और व्याकरण मजबूत होते हैं। कक्षा छठी से विज्ञान को फिजिक्स, केमिस्ट्री और बायोलॉजी में विभाजित किया जाता है, जिससे प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी होती है। कक्षा नवमी से विद्यार्थियों को अपनी रुचि के अनुसार विषय चुनने की स्वतंत्रता भी मिलती है। विशाल ने कहा कि यह केवल एक मान्यता नहीं, बल्कि चम्बा के बच्चों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। अब यहां के विद्यार्थी आधुनिक संसाधनों और वैश्विक पाठ्यक्रम के साथ अपने सपनों को नई उड़ान दे सकेंगे।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!