नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस थाना घुमारवीं की टीम को बड़ी सफलता मिली है। वीरवार को नियमित गश्त और नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने फोरलेन भगेड़ के पास बागठेड़ू के समीप एक युवक को 5.9 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार पुलिस टीम फोरलेन पर नियमित चैकिंग कर रही थी। इसी दौरान बागठेड़ू के पास एक युवक पुलिस को देखकर अचानक घबरा गया और उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगीं। युवक की हरकतों पर शक होने पर पुलिस ने तुरंत उसे रोका और तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 5.9 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुखवीर सिंह उर्फ सक्की (33) निवासी गांव बागठेड़ू, डाकघर भगेड़ के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वह नशा कहां से लाया था और इसे किसे सप्लाई करने वाला था।
डीएसपी विशाल वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि क्षेत्र में नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने आम जनता से भी अपील की है कि नशामुक्त समाज बनाने के लिए पुलिस का सहयोग करें और नशा तस्करी से संबंधित किसी भी जानकारी को तुरंत साझा करें।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!