Himachal: कार्यभार संभालते ही एक्शन में SSP गौरव सिंह, पंजाब से कुख्यात ड्रग पैडलर डेविड गिरफ्तार, 15 आरोपी जाल में

शिमला के पुलिस कप्तान का पद संभालते ही एसएसपी गौरव सिंह ने ड्रग माफिया के खिलाफ बड़ा अभियान छेड़ दिया है। शिमला पुलिस ने अंतर्राज्यीय चिट्टा तस्करी नेटवर्क को ध्वस्त करते हुए कुख्यात ड्रग पैडलर विजय उर्फ डेविड उर्फ बिहारी (28) को पंजाब के जीरकपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी अंबाला कैंट के बबियाल राणा कॉम्प्लेक्स, थाना महेश नगर का निवासी है। इसके साथ ही पुलिस ने नितेश शर्मा उर्फ माइक (28), निवासी आइकन अपार्टमेंट, वीआईपी रोड, जीरकपुर को भी गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार विजय उर्फ डेविड शिमला सहित प्रदेश के कई क्षेत्रों में चिट्टे की सप्लाई करता था। वह शिमला शहर, ठियोग, रामपुर और रोहड़ू में हिमाचली मूल के 70 से अधिक लोगों को चिट्टा उपलब्ध करवा चुका था। वर्ष 2023 में भी उसे थाना ठियोग में 180 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया गया था। उसके खिलाफ अंबाला कैंट में दो और ठियोग में दो मामले पहले से दर्ज हैं। शिमला जिले में हाल ही में दर्ज पांच एनडीपीएस मामलों में चिट्टा सप्लाई करने वाला मुख्य आरोपी भी वही पाया गया।

बालूगंज थाना के तहत एचआरटीसी बस में 30.700 ग्राम चिट्टे के साथ पकड़े गए दो आरोपी राहुल और विशाल वर्मा को जीरकपुर से डेविड ने ही चिट्टा बेचा था। जतोग पुलिस चौकी के तहत 11 ग्राम चिट्टे के साथ पकड़े गए चार लोगों, जिनमें एक युवती भी शामिल थी, के मामले में भी जांच में डेविड का नाम सामने आया। ठियोग थाना में 12 ग्राम चिट्टे के साथ पकड़े गए केहर सिंह और मनोज शर्मा के मामले में भी सप्लाई उसी ने की थी। रामपुर थाना के तहत 9.26 ग्राम चिट्टे के साथ पकड़े गए नरेश और युगल किशोर ने व्हाट्सएप कॉल के जरिए जीरकपुर से डेविड से संपर्क किया था। कुमारसैन थाना के तहत 11 ग्राम चिट्टे के साथ पकड़े गए कुलदीप, सोनू और दीपक ने भी उसी से डिलीवरी ली थी।

एसएसपी गौरव सिंह ने बताया कि इन मामलों में बैकवर्ड लिंकेज की जांच को मजबूती से आगे बढ़ाया गया। पांचों मामलों की समानांतर जांच में डेविड को मुख्य सरगना पाया गया। इसके बाद ठियोग थाना की जांच टीम को पंजाब भेजा गया। तकनीकी इनपुट और 24 घंटे से अधिक चले फील्ड ऑपरेशन के बाद पुलिस ने जीरकपुर से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। जांच में सामने आया है कि डेविड की संलिप्तता 335 ग्राम से अधिक चिट्टे की तस्करी में पाई गई है। इस अंतर्राज्यीय नेटवर्क से जुड़े अब तक 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है और सभी मामलों में जांच जारी है।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!