हिमाचल प्रदेश के जिला सोलन में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। परवाणू में 10 जनवरी को सामने आए चिट्टा तस्करी मामले की कड़ियां जोड़ते हुए सोलन पुलिस ने पंजाब से एक और मुख्य तस्कर को गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई के साथ ही इस मामले में अब तक तीन आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं।
एसपी सोलन गौरव सिंह ने बताया कि 10 जनवरी को परवाणू की टर्मिनल मार्केट से एक युवक को 10.47 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने पहले चंडीगढ़ से एक सप्लायर को दबोचा। इसके बाद जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने मोहाली, पंजाब से सतनाम सिंह निवासी जलालाबाद, जिला फाजिल्का को गिरफ्तार किया, जिसके पास से भी 10 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ था।
आरोपी सतनाम सिंह को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया। रिमांड के दौरान उसने खुलासा किया कि वह यह नशा कुलविंदर सिंह निवासी ग्राम चंगराई उत्तर, जिला फिरोजपुर, पंजाब से खरीदता था। इस इनपुट पर त्वरित कार्रवाई करते हुए सोलन पुलिस ने 30 जनवरी को सुहाना, जिला मोहाली में दबिश देकर मुख्य तस्कर कुलविंदर सिंह को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस जांच में आरोपियों के बीच बड़े आर्थिक लेन-देन का भी खुलासा हुआ है। कुलविंदर सिंह के बैंक खातों की जांच में अन्य आरोपियों के साथ लाखों रुपये की ट्रांजैक्शन सामने आई है, जिससे इस संगठित नशा नेटवर्क की पुष्टि होती है। इस मामले में अब तक 20 ग्राम से अधिक चिट्टा बरामद किया जा चुका है। पुलिस ने कुलविंदर सिंह को अदालत में पेश कर चार दिन की पुलिस हिरासत में लिया है। फिलहाल पुलिस आरोपी के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की गहन जांच कर रही है।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!