पालमपुर नगर निगम चुनाव की मतदाता सूची में 4037 वोटों को लेकर सामने आई कथित गड़बड़ियों पर भाजपा नेता त्रिलोक कपूर ने कांग्रेस विधायक पर निशाना साधा है। कपूर ने कहा कि इन गड़बड़ियों पर जवाब देने के बजाय विधायक इधर-उधर की बातें कर रहे हैं। उन्हें मुद्दे पर स्पष्ट जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि विधायक का यह बताना सही है कि उनका वोट बैजनाथ के फटाहर गांव की मतदाता सूची में दर्ज है, लेकिन उन्हें इसकी जानकारी नहीं थी। करीब 15 साल पहले उन्होंने खुद चुनाव आयोग को सहमति देकर वहां से अपना वोट हटाने के लिए कहा था। इसके बावजूद उनका और उनकी पत्नी का नाम मतदाता सूची से नहीं हटाया गया।
कपूर ने बताया कि उन्होंने आज ही बैजनाथ प्रशासन को दोबारा लिखित में दिया है कि उनका और उनकी पत्नी का वोट वहां से तुरंत काटा जाए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में इस तरह की विसंगतियां ही विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर की मांग का आधार हैं। कपूर ने सवाल उठाया कि जब एसआईआर के जरिए मतदाता सूचियों का व्यापक सत्यापन और शुद्धिकरण होगा, तो गलत जगह पर दर्ज नाम कैसे बने रह सकते हैं। उन्होंने कांग्रेस विधायक से यह भी स्पष्ट करने को कहा कि वह एसआईआर के पक्ष में हैं या नहीं। अगर वह इसके पक्ष में नहीं हैं, तो क्या वह मतदाता सूचियों का शुद्धिकरण नहीं चाहते?
त्रिलोक कपूर ने कहा कि उनके दोनों बच्चों की उम्र 18 साल पूरी होने के बाद पहली बार वोट बना है और उन्होंने अभी तक मतदान नहीं किया है। उनके अनुसार, बच्चों के वोटर कार्ड पर उनके अपने नाम से जुड़े सूर्यदेव होटल का पता दर्ज है। यह संपत्ति भी उनकी ही है और उनके आधार कार्ड पर भी यही पता लिखा है।
कपूर ने कांग्रेस विधायक की ओर से उनकी प्रेस कॉन्फ्रेंस को ‘कॉमेडी सर्कस’ बताए जाने पर भी पलटवार किया। उन्होंने कहा कि अगर उनकी प्रेस कॉन्फ्रेंस कॉमेडी सर्कस है, तो राहुल गांधी की प्रेस कॉन्फ्रेंस और कांग्रेस विधायक की ओर से की गई PPT प्रस्तुति वाली प्रेस कॉन्फ्रेंस को भी इसी श्रेणी में रखा जाना चाहिए।
वोट चोरी मामले में हाईकोर्ट जाएंगे कपूर
त्रिलोक कपूर ने कहा कि बेहतर होता कि कांग्रेस विधायक अपनी बहन, चुनावी एजेंट, पीएसओ और लेखाकार के परिवार से जुड़े कथित दोहरे वोटों पर भी स्थिति स्पष्ट करते। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों के इस पूरे मामले को लेकर वह उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाएंगे। साथ ही, मामले की उच्च स्तरीय और निष्पक्ष जांच के लिए हरसंभव कानूनी कदम उठाएंगे।


For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


