हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने एसआईआर (SIR) प्रक्रिया में सुधार और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर नई दिल्ली में आयोजित इंडिया गठबंधन के प्रदर्शन में हिस्सा लिया। गुरुवार सुबह मुख्यमंत्री अपने सभी निर्धारित कार्यक्रम छोड़कर दिल्ली पहुंचे। यहां उन्होंने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ राजघाट पर आयोजित प्रदर्शन में भाग लिया। इस दौरान सीएम सुक्खू ने केंद्र सरकार और मुख्य चुनाव आयुक्त पर निशाना साधते हुए विपक्ष की आवाज दबाने का आरोप लगाया।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और विपक्षी सांसदों को अपनी बात रखने तथा शांतिपूर्ण मार्च निकालने से रोकना लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार पुलिस बल और संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर विपक्ष की आवाज दबाने की कोशिश कर रही है।
सीएम सुक्खू ने कहा कि राहुल गांधी देश की जनता के अधिकारों की लड़ाई लड़ रहे हैं। ऐसे में उनके खिलाफ की गई कार्रवाई तानाशाही की पराकाष्ठा है। उन्होंने निर्वाचन आयोग की निष्पक्षता पर भी सवाल उठाए और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से तत्काल इस्तीफा देने की मांग की।
मुख्यमंत्री ने बताया कि गुरुवार को हिमाचल प्रदेश के सभी जिलों में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने धरने-प्रदर्शन कर केंद्र सरकार और मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ विरोध जताया। इससे पहले बुधवार को शिमला में राजभवन के बाहर मंत्रियों और विधायकों के साथ प्रदर्शन किया गया था। इस दौरान राज्यपाल को ज्ञापन भी सौंपा गया था।
आज शिमला लौटेंगे मुख्यमंत्री सुक्खू
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को गुरुवार को शिमला के रिज मैदान पर वन विभाग के वन्यजीव विंग की ओर से आयोजित वन्यजीव सप्ताह-2026 के समापन समारोह में शामिल होना था। हालांकि, सुबह अचानक उनका कार्यक्रम बदल गया और वह दिल्ली रवाना हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री देर शाम दिल्ली से चंडीगढ़ पहुंचे। अब वह शुक्रवार को शिमला लौटेंगे।


For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


