हिमाचल प्रदेश में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की सरकार के बजट और वित्तीय प्रबंधन को लेकर नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि सबसे ज्यादा पढ़-लिखकर बजट बनाने वाले मुख्यमंत्री के सारे दावे हवा-हवाई साबित हो रहे हैं। रविवार को शिमला से जारी बयान में जयराम ठाकुर ने कहा कि सरकार के चारों बजट उसके वित्तीय कुप्रबंधन और झूठे दावों की कहानी बयां करते हैं। इन बजटों ने मुख्यमंत्री की वित्तीय समझ, दूरदर्शिता और आर्थिक मामलों को लेकर गंभीरता की असलियत सामने ला दी है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि वित्त वर्ष 2026-27 के बजट में सरकार ने राजकोषीय घाटे का अनुमान 9,648 करोड़ रुपये रखा था, लेकिन महज आठ महीने के भीतर यह बढ़कर 13,836 करोड़ रुपये हो गया। यानी राजकोषीय घाटे में 4,188 करोड़ रुपये और करीब 43.4 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई। उन्होंने कहा कि यह स्थिति तब बनी, जब केंद्र सरकार ने मुख्य बजट अनुमान के मुकाबले हिमाचल को 2,529 करोड़ रुपये अधिक दिए।

उन्होंने सवाल उठाया कि केंद्र सरकार की ओर से सीसीएस के तहत 2,229 करोड़ रुपये और सेंट्रल शेयर में 300 करोड़ रुपये अतिरिक्त मिलने के बावजूद राजकोषीय घाटा इतना क्यों बढ़ गया। उनके मुताबिक, यह सामान्य बजटीय संशोधन नहीं, बल्कि सरकार के वित्तीय अनुमानों और बजट नियोजन की विफलता का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि ये आंकड़े मुख्यमंत्री के वर्ष 2027 तक हिमाचल प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने के दावे से भी मेल नहीं खाते।
अनुपूरक बजट को लेकर भी उठाए सवाल
नेता प्रतिपक्ष ने सरकार के वित्तीय अनुशासन पर सवाल उठाते हुए कहा कि वर्ष 2025-26 में प्रदेश सरकार का अनुपूरक बजट 40,461 करोड़ रुपये तक पहुंच गया, जो मुख्य बजट का 69.01 प्रतिशत है। उन्होंने कहा कि जब अनुपूरक बजट ही मूल बजट के मुकाबले इतना बड़ा हो जाए तो मुख्यमंत्री के बजट तैयार करने से पहले अध्ययन और तैयारी करने के दावों पर सवाल उठना स्वाभाविक है।

जयराम ठाकुर ने पूछा कि मूल बजट बनाते समय सरकार ने प्रदेश की आय, खर्च और देनदारियों का सही आकलन क्यों नहीं किया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सुक्खू सरकार अपने दो बजटों में पूंजीगत व्यय के लिए तय राशि का केवल 75 प्रतिशत ही खर्च कर पाई। इसका मतलब है कि विकास कार्यों के लिए रखी गई करीब 25 प्रतिशत धनराशि खर्च ही नहीं हो सकी।
कमजोर वर्गों के हित प्रभावित होने की आशंका
जयराम ठाकुर ने कहा कि सरकार ने प्रदेश के बुनियादी और जनकल्याण से जुड़े क्षेत्रों के बजट में भी भारी कटौती की है। उनके अनुसार, सामाजिक कल्याण के बजट में कटौती का सीधा असर जरूरतमंदों और कमजोर वर्गों पर पड़ेगा।
उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक लाभ के लिए सरकार जिन योजनाओं की घोषणाएं कर रही है, वे भी झूठे आश्वासन साबित होंगी। जयराम ठाकुर ने कहा कि सरकार के बजट और खर्च के आंकड़े उसके वित्तीय प्रबंधन पर गंभीर सवाल खड़े करते हैं।


For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


