चंबा। पठानकोट-चंबा-भरमौर राष्ट्रीय राजमार्ग पर डूंडियारा क्षेत्र में स्पेशल टास्क फोर्स (STF) नूरपुर-चंबा की टीम ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो युवकों को 6.32 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना डल्हौजी में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

जानकारी के अनुसार, बुधवार दोपहर स्पेशल टास्क फोर्स की टीम गुप्त सूचना के आधार पर गश्त पर थी। करीब 12 बजे टीम जब डूंडियारा स्थित वर्षाशालिका के पास पहुंची तो वहां बैठे दो युवक पुलिस को संदिग्ध दिखाई दिए। पुलिस ने दोनों से पूछताछ की, लेकिन जवाब देते समय वे घबराए हुए नजर आए। इसके बाद पुलिस ने शक के आधार पर दोनों की तलाशी ली।

तलाशी के दौरान दोनों युवकों के कब्जे से 6.32 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपियों की पहचान 28 वर्षीय आकाश कुमार निवासी वार्ड नंबर 4, बनीखेत, तहसील डल्हौजी और 31 वर्षीय सौरभ निवासी बनीखेत, तहसील डल्हौजी, जिला चंबा के रूप में हुई है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके पर ही हिरासत में लेकर थाना डल्हौजी में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की पुष्टि एसपी चंबा विजय कुमार सकलानी ने करते हुए बताया कि पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!