शिमला: राजधानी शिमला में रविवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में पुलिस विभाग के दो जवानों की मौत हो गई। टोलैंड-खलीनी मार्ग पर सीपीडब्ल्यूडी कॉलोनी के पास ऑल्टो कार और सामने से आ रहे टैंकर के बीच जोरदार टक्कर हुई। हादसे में कार सवार दोनों पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल आईजीएमसी शिमला ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार हादसे में ऑल्टो कार नंबर HP-52A-2767 और टैंकर नंबर HP-92A-9229 शामिल थे। दुर्घटना 16 अगस्त की रात हुई। दोनों जवान कार से टोलैंड की तरफ से खलीनी जा रहे थे। इसी दौरान सीपीडब्ल्यूडी कॉलोनी के नजदीक कार की सामने से आ रहे टैंकर से भिड़ंत हो गई।
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान हेड कांस्टेबल प्रवीण मेहता निवासी ननखड़ी और कांस्टेबल हेमंत कुमार निवासी जुब्बल के रूप में हुई है। दोनों पुलिस लाइन कैथू में तैनात थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए।
आईजीएमसी पहुंचाया, डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायल पुलिसकर्मियों को उपचार के लिए आईजीएमसी शिमला पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल में चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात भी प्रभावित हुआ। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों वाहनों को जांच के दायरे में लेते हुए दुर्घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल शुरू कर दी।
हादसा कैसे हुआ? पुलिस जांच में जुटी
एसपी शिमला गौरव सिंह ने हादसे की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हादसे के समय दोनों वाहनों की रफ्तार कितनी थी और कहीं चालक की लापरवाही तो दुर्घटना की वजह नहीं बनी। फिलहाल पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
जयराम ठाकुर ने जताया दुख
टोलैंड-खलीनी रोड के पास हुए इस दर्दनाक हादसे में पुलिस लाइन कैथू में तैनात हेड कांस्टेबल प्रवीण मेहता और कांस्टेबल हेमंत कुमार की मौत पर नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने शोक जताया है।
जयराम ठाकुर ने सोशल मीडिया पर दोनों पुलिसकर्मियों के निधन को अत्यंत दुखद और हृदयविदारक बताया। उन्होंने शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और परिजनों को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। उन्होंने अपनी पोस्ट के अंत में ‘ॐ शांति’ लिखकर श्रद्धांजलि दी।
आईएसबीटी के पास सेब से लदी पिकअप भी दुर्घटनाग्रस्त
शिमला में सोमवार सुबह एक अन्य सड़क हादसा भी सामने आया। आईएसबीटी क्रॉसिंग के पास सेब से लदी एक पिकअप दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बताया गया कि वाहन रोहड़ू से सोलन सब्जी मंडी की ओर जा रहा था। हादसा सुबह करीब छह बजे हुआ। पिकअप में सवार चालक और सहचालक को हल्की चोटें आईं।




For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


