शाहपुर। शाहपुर में शहीद उत्तम राणा और प्रताप सिंह मेमोरियल 21वीं दो दिवसीय वॉलीबॉल और कबड्डी प्रतियोगिता का समापन हो गया। प्रतियोगिता में अंडर-14, अंडर-19 और ओपन वर्ग के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा दिखाई। कबड्डी में लिटिल फ्लावर दुराना और वॉलीबॉल के ओपन वर्ग में शाहपुर की टीम ने ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
समापन समारोह में सेवानिवृत्त कर्नल पीसी आजाद ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की, जबकि प्रसिद्ध व्यवसायी एवं समाजसेवी महिंद्र सिंह जरयाल विशिष्ट अतिथि के तौर पर मौजूद रहे।

कबड्डी में लिटिल फ्लावर और नूरपुर बने विजेता
अंडर-14 कबड्डी वर्ग का फाइनल मुकाबला लिटिल फ्लावर दुराना और दीवाने क्लब हारचक्कियां के बीच खेला गया। इसमें लिटिल फ्लावर दुराना की टीम विजेता रही, जबकि दीवाने क्लब हारचक्कियां को उपविजेता घोषित किया गया। विजेता टीम को 2100 रुपये और ट्रॉफी, जबकि उपविजेता टीम को 1500 रुपये की राशि देकर सम्मानित किया गया।
अंडर-19 कबड्डी वर्ग के फाइनल में नूरपुर और एनआईटी हमीरपुर की टीमें आमने-सामने थीं। इस मुकाबले में नूरपुर की टीम ने जीत दर्ज की, जबकि एनआईटी हमीरपुर उपविजेता रही। विजेता टीम को 4100 रुपये और ट्रॉफी, जबकि उपविजेता टीम को 3100 रुपये की इनामी राशि दी गई।

वॉलीबॉल में फतेहपुर और शाहपुर ने मारी बाजी
अंडर-19 वॉलीबॉल वर्ग का फाइनल मुकाबला फतेहपुर और कांगड़ा इंटरनेशनल स्कूल शाहपुर के बीच हुआ। इसमें फतेहपुर की टीम विजेता रही। विजेता टीम को 3100 रुपये और उपविजेता टीम को 2100 रुपये की इनामी राशि के साथ ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।
वहीं, वॉलीबॉल के ओपन वर्ग में शाहपुर और हारचक्कियां की टीमों के बीच फाइनल मुकाबला खेला गया। इसमें शाहपुर की टीम ने जीत हासिल कर ट्रॉफी अपने नाम की, जबकि हारचक्कियां की टीम उपविजेता रही। विजेता शाहपुर टीम को 9100 रुपये और उपविजेता हारचक्कियां टीम को 7100 रुपये की राशि के साथ ट्रॉफी प्रदान की गई।

10 खिलाड़ियों को भी किया सम्मानित
प्रतियोगिता के दौरान आयोजनकर्ताओं ने राष्ट्रीय और राज्य स्तर पर खेलों में प्रदर्शन करने वाले क्षेत्र के 10 खिलाड़ियों को स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया।
मुख्य अतिथि कर्नल पीसी आजाद ने कहा कि वर्ष 2005 के शहीदों की याद में हर साल इन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाता है। उन्होंने टूर्नामेंट के सफल आयोजन के लिए आयोजकों को बधाई दी।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


