Shimla: शिमला में HRTC वोल्वो चालक को चलती बस से खींचकर पीटा! 40 यात्रियों की जान पर बन आई

हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में रविवार सुबह एचआरटीसी वोल्वो बस चालक के साथ मारपीट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। दिल्ली से रोहड़ू जा रही वोल्वो बस के चालक पर कुछ पर्यटकों ने कथित रूप से हमला कर दिया, जिसमें चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने इस मामले में हरियाणा के चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनमें एक महिला भी शामिल है।

जानकारी के अनुसार घटना रविवार सुबह करीब 6 बजे घोड़ा चौकी क्षेत्र में हुई। एचआरटीसी की वोल्वो बस जब इस इलाके से गुजर रही थी, तभी हरियाणा से आए कुछ पर्यटकों ने बस को रुकवाया और चालक के साथ बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि पर्यटकों ने चालक के साथ मारपीट कर दी।

घायल चालक की पहचान राजेंद्र सिंह के रूप में हुई है। चालक ने आरोप लगाया कि उनकी बस ने पर्यटकों की गाड़ी को ओवरटेक किया था, जिसके बाद आरोपी भड़क गए। चालक के मुताबिक आरोपियों ने उन्हें चलती बस से बाहर खींच लिया और बेरहमी से पीटा। उन्होंने बताया कि यदि समय रहते बस कंडक्टर ने हैंडब्रेक नहीं लगाया होता, तो बस में सवार करीब 40 यात्रियों की जान खतरे में पड़ सकती थी।

मारपीट के दौरान चालक के सिर पर गंभीर चोटें आईं और उन्हें छह टांके लगाने पड़े। घटना की सूचना मिलते ही बालूगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तुरंत कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। बाद में फरार चल रहे दो अन्य आरोपियों को भी पकड़ लिया गया।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पंकज पुत्र शिव कुमार निवासी पंचकूला (33 वर्ष), विकास कुमार पुत्र विलक्षण राम निवासी पंचकूला (22 वर्ष), विक्की कुमार पुत्र शिव कुमार निवासी गांव अभयपुर, पंचकूला तथा प्रतिभा पत्नी विक्की कुमार निवासी गांव अभयपुर, पंचकूला हरियाणा के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है और पुलिस घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी गहनता से जांच कर रही है।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!