ज्वालामुखी नगर परिषद के वार्ड नंबर पांच स्थित गणेश कॉलोनी के शनिदेव मंदिर में शनि देव और भैरव बाबा की मूर्तियां खंडित करने के मामले में पुलिस ने करीब 10 घंटे के भीतर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान रैखा, तहसील ज्वालामुखी निवासी वीरेंद्र उर्फ विक्की के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि घटना की रात वह नशे की हालत में था और घर में हुए विवाद के बाद गुस्से में मंदिर पहुंचा और मूर्तियों को नुकसान पहुंचाया। हालांकि, पुलिस मामले में अन्य पहलुओं और संभावित संलिप्तता की भी जांच कर रही है।
बुधवार सुबह मंदिर में मूर्तियां खंडित मिलने के बाद क्षेत्र में लोगों में रोष फैल गया। इसी दौरान वार्ड नंबर नौ स्थित शिव मंदिर में भी तोड़फोड़ की सूचना सामने आई। सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू की और संदिग्ध व्यक्ति के संबंध में मिली महत्वपूर्ण जानकारी के आधार पर उसके घर पर दबिश दी, लेकिन वह वहां नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर उसकी तलाश शुरू कर दी।
पुलिस ने करीब दो घंटे तक ज्वालामुखी बस स्टैंड और आसपास के क्षेत्रों में सर्च अभियान चलाया। इसी दौरान संदिग्ध व्यक्ति पुलिस के हाथ लग गया। उसे पूछताछ के लिए थाना ज्वालामुखी ले जाया गया, जहां प्रारंभिक पूछताछ में उसने मंदिर में तोड़फोड़ करने की बात स्वीकार की।
सीसीटीवी कैमरों से नहीं मिली खास मदद
पुलिस के अनुसार घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों से जांच में कोई खास मदद नहीं मिल पाई। इसके बावजूद पुलिस को मिली महत्वपूर्ण सूचना और लगातार चलाए गए सर्च अभियान के आधार पर आरोपी तक पहुंचने में सफलता मिली। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि घटना के पीछे केवल घरेलू विवाद और गुस्सा ही कारण था या इसके पीछे कोई अन्य पहलू भी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी ने वारदात अकेले की या इसमें कोई और व्यक्ति शामिल था।
लोगों ने की कड़ी कार्रवाई की मांग
घटना की जानकारी मिलने के बाद नगर परिषद अध्यक्ष सोमकरण शर्मा, उपाध्यक्ष दीप्ति शर्मा और पार्षद नीरज शर्मा भी मंदिर पहुंचे। उन्होंने मंदिर परिसर का जायजा लिया और स्थानीय लोगों तथा पुजारी से घटना की जानकारी ली। नगर परिषद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष ने घटना की निंदा करते हुए पुलिस प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। श्रद्धालुओं ने भी धार्मिक स्थलों की सुरक्षा मजबूत करने की मांग उठाई।
मंदिर के पुजारी गोपाल शर्मा ने कहा कि धार्मिक स्थल पर इस तरह की घटना दुर्भाग्यपूर्ण है और इससे श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंची है।
एसपी देहरा ने कही ये बात
एसपी देहरा संदीप धवल ने बताया कि प्राचीन शनिदेव मंदिर में मूर्तियां खंडित किए जाने के मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है और एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने और पूछताछ के बाद मामले के संबंध में विस्तृत जानकारी सामने आएगी। एसपी ने लोगों से अपील की कि किसी भी व्यक्ति की संदिग्ध गतिविधि नजर आने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें।
विहिप ने जताया रोष
मूर्तियां खंडित किए जाने की घटना पर विश्व हिंदू परिषद ने भी रोष जताया है। विहिप के प्रांत मंदिर एवं अर्चक-पुरोहित प्रमुख कुलदीप राणा ने कहा कि धार्मिक स्थलों और देवी-देवताओं की मूर्तियों को नुकसान पहुंचाने की घटनाएं स्वीकार्य नहीं हैं। विहिप के संगठनात्मक जिला देहरा की ओर से प्रशासन और पुलिस से मामले की गंभीरता से जांच करने की मांग की गई।
जिला देहरा अध्यक्ष मदन, जिला मंत्री बनीष शर्मा, मंदिर अर्चक-पुरोहित प्रमुख हिमांशु, कांति शर्मा सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने भी घटना पर रोष जताया।


For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


