Hamirpur: बाबा बालक नाथ मंदिर में बड़ा कांड! श्रद्धालुओं के बीच घुसे कर्मचारी, मोबाइल-गहने चोरी करते रंगे हाथ पकड़े गए

हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध Baba Balak Nath Temple में रविवार तड़के चोरी की एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। मंदिर न्यास के अस्थायी कर्मचारियों पर श्रद्धालुओं के मोबाइल, नकदी और गहने चोरी करने के आरोप लगे हैं। घटना के बाद मंदिर परिसर में हड़कंप मच गया और गुस्साए श्रद्धालुओं ने आरोपियों को पकड़कर उनकी जमकर पिटाई कर दी। इस पूरे मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जानकारी के अनुसार पंजाब के कपूरथला से करीब 700 श्रद्धालुओं का जत्था बाबा बालक नाथ के दरबार में माथा टेकने पहुंचा था। श्रद्धालुओं की ओर से शनिवार रात और रविवार दोपहर के लंगर की व्यवस्था सरकारी लंगर भवन में करवाई जा रही थी। रात को सभी श्रद्धालु विश्राम हॉल में सो रहे थे। इसी दौरान रविवार सुबह करीब 3 बजे तीन युवक हॉल में पहुंचे और सो रहे लोगों के मोबाइल फोन, नकदी और गहने चोरी करने लगे।

Advertisement

कुछ श्रद्धालुओं की नींद खुलने पर उन्हें शक हुआ और उन्होंने तीनों युवकों को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उनके पास से चोरी का सामान बरामद हुआ, हालांकि कुछ सामान अभी भी गायब बताया जा रहा है। घटना के बाद वहां मौजूद श्रद्धालुओं में भारी गुस्सा देखने को मिला। लोगों ने आरोपियों को हॉल के पिलरों से बांध दिया और उनकी पिटाई कर दी।

बाद में पकड़े गए आरोपियों की पहचान मंदिर न्यास के अस्थायी कर्मचारियों और सफाई कर्मियों के रूप में हुई। सूचना मिलने के बाद मंदिर की सुरक्षा में तैनात निजी सुरक्षा कर्मी मौके पर पहुंचे और आरोपियों को भीड़ से बचाकर अपने कब्जे में लिया। इसके बाद उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया गया।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। लोगों का कहना है कि यदि श्रद्धालुओं ने औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं भी करवाई है, तब भी मंदिर प्रशासन को अपने स्तर पर कार्रवाई करनी चाहिए।

बताया जा रहा है कि बाबा बालक नाथ मंदिर में चैत्र मेलों के दौरान करीब 150 अस्थायी कर्मचारियों की नियुक्ति की जाती है। इनमें से लगभग 100 कर्मचारियों की ड्यूटी 13 मार्च से 13 अप्रैल तक रहती है, जबकि बाकी 50 कर्मचारियों की सेवाएं 30 जून तक ली जाती हैं। इन कर्मचारियों को सफाई व्यवस्था, झंडा स्थल और लंगर भवन सहित विभिन्न जिम्मेदारियां दी जाती हैं।

मंदिर अधिकारी सुभाष मल्होत्रा ने बताया कि तीनों आरोपियों को तत्काल प्रभाव से सेवा से हटा दिया गया है और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वहीं डीएसपी बड़सर लालमन शर्मा ने बताया कि पुलिस के पास अभी तक इस संबंध में कोई औपचारिक मामला दर्ज नहीं हुआ है।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!