शाहपुर, 21 जून 2026: 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला आयुष विभाग के तत्वावधान में औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) शाहपुर में जिला स्तरीय योग दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।

कार्यक्रम के दौरान केवल सिंह पठानिया ने एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के सभी राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों में अब प्रतिदिन सुबह योग सत्र आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही प्रत्येक मंगलवार को स्कूलों में हनुमान चालीसा और गायत्री मंत्र का सामूहिक पाठ भी किया जाएगा।
उपमुख्य सचेतक ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करने का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि योग को केवल एक दिन तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि इसे अपनी दैनिक जीवनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए। नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रखने के साथ-साथ कई बीमारियों से भी बचाता है।

उन्होंने कहा कि योग का इतिहास हजारों वर्षों पुराना है। प्राचीन काल में ऋषि-मुनियों ने योग और ध्यान के माध्यम से निरोग और संतुलित जीवन का संदेश दिया था। आज की भागदौड़ और तनावपूर्ण जीवनशैली में योग का महत्व और भी बढ़ गया है, क्योंकि यह तनाव को कम करने और सकारात्मक सोच विकसित करने में सहायक है।


केवल सिंह पठानिया ने लोगों से स्वस्थ और सुखद जीवन के लिए प्रतिदिन योग करने तथा अपने परिवार और समाज को भी इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। उन्होंने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू और आयुष मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में प्रदेश में आयुष सेवाओं को लगातार मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने योग के प्रचार-प्रसार में योग गुरु बाबा रामदेव के योगदान को भी सराहनीय बताया।
कार्यक्रम के दौरान उपमुख्य सचेतक ने उपस्थित लोगों के साथ विभिन्न योगासन और प्राणायाम भी किए। इस अवसर पर आयुष विभाग की ओर से उन्हें सहजन का पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया।
जिला आयुष अधिकारी डॉ. बृज नंदन शर्मा ने मुख्य अतिथि और अन्य अतिथियों का स्वागत करते हुए योग के महत्व पर प्रकाश डाला तथा सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। आईटीआई शाहपुर के प्रधानाचार्य अभिनंदन कालिया ने कहा कि उपमुख्य सचेतक के निर्देशों के अनुसार संस्थान में हनुमान चालीसा और गायत्री मंत्र का पाठ अगले दिन से शुरू कर दिया जाएगा।



इस अवसर पर तहसीलदार शाहपुर दीक्षांत ठाकुर, शाहपुर कॉलेज के प्राचार्य विश्वजीत, सहायक अभियंता लोक निर्माण विभाग विपुल पुंज, डॉ. भवानी, डॉ. अमित चौधरी, डॉ. अनीश भाटिया, योग गाइड अनुराधा एवं अंजुबाला, प्रधानाचार्य बलजीत दियोलिया, शमशेर भारती, भाग सिंह, सेवानिवृत्त डॉ. कांत लगवाल, वरयाम सिंह, प्रदीप बलौरिया, नगर पंचायत शाहपुर की अध्यक्ष बविता, उपाध्यक्ष राजीव पटियाल, उपमुख्य सचेतक के सलाहकार विनय, संजीव पटियाल, बलवीर चौधरी, पूर्व पार्षद शुभम, आईटीआई एवं आयुष विभाग का स्टाफ, विद्यार्थी तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!