शाहपुर, 20 अगस्त: चंगर क्षेत्र के गुब्बर में सड़क किनारे खड़े हरे-भरे खैर के पेड़ों की अवैध कटाई का मामला सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है। वन विभाग उपमंडल लपियाना रेंज के तहत सामने आए इस मामले में करीब 10 खैर के पेड़ अवैध रूप से काटे जाने की पुष्टि वन विभाग ने की है। कुछ पेड़ जड़ से उखड़े हुए भी मौके पर दिखाई दिए हैं।
हैरानी की बात यह है कि जिस जगह खैर के पेड़ों की कटाई हुई है, वह लपियाना रेंज कार्यालय से महज करीब 2 किलोमीटर की दूरी पर बताई जा रही है। ऐसे में वन विभाग के कार्यालय के इतने नजदीक हरे पेड़ों की अवैध कटाई सामने आने से विभाग की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं।
पेड़ों की कटाई के बाद मौके पर लकड़ी के कुछ लट्ठे भी मिले हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार खैर की लकड़ी की मांग अधिक होने के कारण इस तरह की अवैध कटाई को लेकर क्षेत्र में चिंता बनी हुई है। हालांकि, पेड़ों को किसने काटा और काटी गई लकड़ी को कहां ले जाया गया, इसका पता अभी नहीं चल पाया है।
इस मामले में रेंज ऑफिसर सुमित शर्मा ने बताया कि मौके पर कुल 10 खैर के पेड़ अवैध रूप से काटे गए हैं। उन्होंने कहा कि कुछ लॉग्स मौके पर ही मिले हैं, जिन्हें वन विभाग ने अपने कब्जे में ले लिया है।
रेंज ऑफिसर सुमित शर्मा के अनुसार मामले की आगामी जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल वन विभाग ने मौके से बरामद लकड़ी को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
अब जांच में यह सामने आना बाकी है कि खैर के पेड़ों को किसने काटा और इस मामले में कौन-कौन लोग शामिल हैं। विभागीय जांच पूरी होने के बाद ही अवैध कटाई से जुड़े पूरे मामले की तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।




For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


