शिमला पुलिस के नशा विरोधी अभियान के तहत रामपुर पुलिस ने 20.630 ग्राम चिट्टा बरामदगी के मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने 12 सितंबर को प्रिन्स ठाकुर (20), निवासी अम्ब, जिला ऊना और हाल निवासी रामपुर, को सह-आरोपी के रूप में गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, जांच में उसके मुख्य आरोपी के साथ फोन पर संपर्क और मादक पदार्थ की खरीद व व्यवस्था में मदद करने के साक्ष्य सामने आए हैं।
इस मामले में पुलिस ने 8 सितंबर को ल्हासा रेन शेल्टर के समीप कार्रवाई करते हुए शिवम कुमार नर (28), निवासी लुधियाना, पंजाब, को गिरफ्तार किया था। उसके कब्जे से 20.630 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद हुई थी। इस संबंध में थाना रामपुर में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 के तहत मामला दर्ज किया गया था।
पूछताछ में खंगाला नशे की सप्लाई का नेटवर्क
पुलिस के अनुसार, शिवम से पूछताछ और सामने आए अन्य साक्ष्यों के आधार पर नशे की सप्लाई से जुड़े बैकवर्ड लिंक की जांच शुरू की गई। जांच के दौरान आरोप है कि प्रिन्स ठाकुर फोन के माध्यम से शिवम के नियमित संपर्क में था और मादक पदार्थ की खरीद व व्यवस्था में उसकी मदद करता था।
जांच में मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने प्रिन्स ठाकुर को मामले में सह-आरोपी बनाया और इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि चिट्टे की खरीद और सप्लाई से जुड़े इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
न्यायालय में पेश किया जाएगा आरोपी
पुलिस आरोपी को नियमानुसार न्यायालय में पेश करेगी। मामले में आगामी अन्वेषण जारी है। जांच के दौरान पुलिस आरोपियों के बीच संपर्क, मादक पदार्थ की व्यवस्था और सप्लाई से जुड़े अन्य तथ्यों की पड़ताल कर रही है। शिमला पुलिस का नशा विरोधी अभियान मादक पदार्थों की तस्करी और सप्लाई से जुड़े नेटवर्क पर कार्रवाई के उद्देश्य से लगातार जारी है।



For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


