धर्मशाला में हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के तीन वरिष्ठ नेताओं ने विश्व प्रसिद्ध बौद्ध धर्मगुरु परम पावन दलाई लामा से आत्मीय मुलाकात की। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) की हिमाचल प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल, हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार और हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम (HPTDC) के अध्यक्ष एवं नगरोटा बगवां के विधायक आर.एस. बाली ने आज दलाई लामा से शिष्टाचार भेंट की।

इस दौरान नेताओं ने कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी की संस्मरणात्मक पुस्तक ‘Belonging: A Journey of Love’ की एक प्रति दलाई लामा को भेंट की। मुलाकात के दौरान विभिन्न विषयों पर आत्मीय बातचीत हुई और नेताओं ने उनका स्नेह एवं आशीर्वाद प्राप्त किया।
आर.एस. बाली ने शांति और करुणा के संदेश को बताया प्रेरणादायक
इस अवसर पर आर.एस. बाली ने कहा कि दलाई लामा का जीवन शांति, करुणा, अहिंसा, धैर्य और सहिष्णुता जैसे मानवीय मूल्यों की प्रेरणादायी मिसाल है। उनका दर्शन और शिक्षाएं दुनियाभर के लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।

बाली ने कहा कि मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों में मानवता, आपसी सद्भाव और शांति का दलाई लामा का संदेश बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि दलाई लामा का स्नेह, आशीर्वाद और मानवता के प्रति उनका संदेश समाज को शांति, करुणा और सद्भाव के रास्ते पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता रहेगा।


For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


