राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय धर्मशाला ने अपनी गौरवशाली शैक्षणिक यात्रा के 100 वर्ष पूरे कर लिए हैं। इस मौके पर शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि कॉलेज ने शिक्षा के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। यह संस्थान न केवल हिमाचल प्रदेश के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों में शामिल है, बल्कि इसने शिक्षा, साहित्य, कला, विज्ञान, चिकित्सा, राजनीति और सैन्य सेवाओं समेत कई क्षेत्रों में योगदान देने वाली प्रतिभाएं भी तैयार की हैं।
शिक्षा मंत्री सोमवार को धर्मशाला कॉलेज के शताब्दी समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम का आयोजन ओल्ड स्टूडेंट एसोसिएशन धर्मशाला महाविद्यालय की ओर से किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कॉलेज के 100 वर्ष पूरे होने पर आयोजकों, पूर्व विद्यार्थियों, वर्तमान छात्रों, शिक्षकों और पूरे महाविद्यालय परिवार को बधाई दी।

विभिन्न क्षेत्रों में योगदान देने वाली विभूतियां सम्मानित
समारोह के दौरान शिक्षा मंत्री ने धर्मशाला कॉलेज से पढ़ाई कर शिक्षा, साहित्य, ललित कला, विज्ञान, चिकित्सा, कला, विधानसभा और सैन्य सेवाओं सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली विभूतियों को सम्मानित किया। इसके साथ ही कॉलेज की पूर्व छात्राओं और अंतरराष्ट्रीय महिला कबड्डी खिलाड़ियों भावना, ज्योति, पुष्पा और निकिता को भी उनकी खेल उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया।
प्रदेश के 133 सरकारी कॉलेजों में धर्मशाला में सबसे ज्यादा दाखिले
रोहित ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में वर्तमान में सरकारी क्षेत्र के कुल 133 महाविद्यालय संचालित हैं। इनमें सबसे अधिक विद्यार्थियों का नामांकन राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला में है। यह कॉलेज की लोकप्रियता, शैक्षणिक गुणवत्ता और समाज में इसकी अहम भूमिका को दर्शाता है।
उन्होंने कॉलेज में चलाए जा रहे विभिन्न शैक्षणिक विषयों और पाठ्यक्रमों का जिक्र करते हुए कहा कि संस्थान ने समय के साथ शिक्षा के बदलते स्वरूप के अनुसार अपनी गतिविधियों और पाठ्यक्रमों का विस्तार किया है।

हिमाचल शिक्षा के क्षेत्र में 29वें से पांचवें स्थान पर पहुंचा
शिक्षा मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार के लगातार प्रयासों और शिक्षा के क्षेत्र में किए गए सुधारों के चलते हिमाचल प्रदेश शिक्षा के क्षेत्र में 29वें स्थान से पांचवें स्थान पर पहुंचा है। उन्होंने कहा कि पहाड़ी राज्य होने के बावजूद हिमाचल ने शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है।
उन्होंने बताया कि आजादी के समय प्रदेश की साक्षरता दर करीब पांच प्रतिशत थी, जो अब बढ़कर 99.5 प्रतिशत तक पहुंच गई है। यह उपलब्धि शिक्षाविदों, शिक्षकों, विद्यार्थियों और अभिभावकों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है।
कॉलेज के विकास में पूर्व विद्यार्थियों का अहम योगदान
रोहित ठाकुर ने महाविद्यालय के विकास में ओल्ड स्टूडेंट एसोसिएशन की भूमिका की सराहना की। उन्होंने कहा कि पूर्व विद्यार्थियों का अपने शिक्षण संस्थान से जुड़ाव और उसके विकास में योगदान सराहनीय है।
उन्होंने बताया कि एसोसिएशन ने कॉलेज में ऑडिटोरियम और लाइब्रेरी के निर्माण के साथ पौधरोपण, रक्तदान शिविर और अन्य सामाजिक गतिविधियों के जरिए संस्थान के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। पूर्व विद्यार्थियों का अनुभव, सहयोग और मार्गदर्शन वर्तमान पीढ़ी के छात्रों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

शिक्षा मंत्री ने कॉलेज के विकास में योगदान देने वाले शिक्षाविदों और पूर्व विद्यार्थियों की भी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि किसी भी शिक्षण संस्थान की असली पहचान वहां से निकली प्रतिभाओं और समाज में उनके योगदान से बनती है।
समारोह में पालमपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक आशीष बुटेल, पूर्व विधायक तिलक राज शर्मा, पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी विजय करण, उच्च शिक्षा निदेशक सुनीता सिंह, प्रारंभिक शिक्षा निदेशक आशीष कोहली, दिव्य हिमाचल के प्रधान संपादक अनिल सोनी, ओल्ड स्टूडेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष संजीव गांधी, महासचिव अश्वनी कौल सहित अन्य पदाधिकारी, पूर्व विद्यार्थी, शिक्षक और छात्र मौजूद रहे।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


