रैत। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रैत में ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के तहत एक विशेष संयुक्त जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कार्यवाहक प्रधानाचार्य एवं भौतिक विज्ञान प्रवक्ता श्रीमती संजीत कुमारी ने की। कार्यक्रम में शाहपुर के एसडीएम डॉ. गणेश ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि तहसील कल्याण अधिकारी श्री विनोद कुमार ने विशेष अतिथि के रूप में शिरकत की।
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यार्थियों की प्रेरणादायक और विचारोत्तेजक प्रस्तुतियों से हुई। छात्राओं निधि, साधिका और गोल्डी ने नशामुक्ति के विभिन्न पहलुओं पर अपने विचार रखे। वहीं, छात्रा प्रिया ने नशामुक्ति पर एक सुंदर और मार्मिक कविता प्रस्तुत की, जिसे उपस्थित लोगों ने खूब सराहा। कार्यक्रम के आरंभ में राजनीतिक विज्ञान प्रवक्ता श्री वीरेंद्र सिंह ने विद्यार्थियों को ‘चिट्टा’ जैसी खतरनाक और जानलेवा ड्रग्स के दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
तहसील कल्याण अधिकारी श्री विनोद कुमार ने विद्यार्थियों को पढ़ाई पर पूरा ध्यान केंद्रित करने और समाज में नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने के लिए हमेशा सतर्क रहने के लिए प्रेरित किया। वहीं, एसडीएम शाहपुर डॉ. गणेश ठाकुर ने ड्रग्स, विशेषकर चिट्टे के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे खुद नशे से दूर रहें और अपने आसपास के लोगों को भी इसके खतरों के प्रति जागरूक करें।
डॉ. गणेश ठाकुर ने युवाओं को जीवन में अपने लक्ष्य पर पूरी तरह केंद्रित रहने और लक्ष्य-उन्मुख होकर आगे बढ़ने की सलाह दी। उन्होंने विद्यार्थियों के मार्गदर्शन के लिए जल्द ही एक करियर काउंसलिंग सत्र आयोजित करने की घोषणा भी की। कार्यक्रम के अंत में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए दोनों अतिथियों को पौधे भेंट किए गए। कार्यक्रम के बाद छात्र-छात्राएं प्रेरित और उत्साहित नजर आए।
इस अवसर पर श्री कमल ठाकुर, संदीप राणा, रीता घलोत्रा, नीना संब्याल सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक और गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।



For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


