शिमला। त्योहारी सीजन में लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वाले मिठाई विक्रेताओं पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में विभाग की टीम ने शिमला के ओल्ड बस स्टैंड क्षेत्र में मिठाई की दुकानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान एक दुकान में बिक्री के लिए रखे गुलाब जामुन के अंदर छोटे कॉकरोच और रबर बैंड पाए गए। कार्रवाई के बाद संबंधित दुकानदारों ने खुद करीब 25 किलोग्राम दूषित गुलाब जामुन नष्ट कर दिए।

सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा डॉ. विजया के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. सुनील शर्मा की मौजूदगी में यह निरीक्षण किया गया। इस दौरान कुल पांच मिठाई की दुकानों की जांच हुई। टीम को कुछ दुकानों में साफ-सफाई और स्वच्छता के उचित इंतजाम नहीं मिले। अधिकारियों ने दुकानदारों को खाद्य पदार्थों के निर्माण और भंडारण के दौरान निर्धारित स्वच्छता मानकों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एक और गंभीर अनियमितता सामने आई। टीम ने पाया कि कुछ हलवाई मिठाइयों के लिए चीनी की चाशनी तैयार करते समय उसे साफ करने के लिए ‘रंग काट’ (RANGKAT) का इस्तेमाल कर रहे थे। खाद्य सुरक्षा विभाग ने इस पर कड़ी आपत्ति जताई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि रंग काट का उपयोग कपड़ों की रंगाई में किया जाता है और खाद्य पदार्थों की तैयारी में इसका इस्तेमाल स्वीकार्य नहीं है। संबंधित कारोबारियों को इसका उपयोग तुरंत बंद करने के निर्देश दिए गए।
सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा डॉ. विजया ने बताया कि निरीक्षण के दौरान एक दुकान में गुलाब जामुन के अंदर छोटे कॉकरोच और रबर बैंड मिले थे। यह मिठाई आम लोगों को बेचने के लिए रखी गई थी। विभाग की कार्रवाई के बाद करीब 25 किलो दूषित गुलाब जामुन नष्ट करवाए गए। उन्होंने कहा कि खाद्य पदार्थों में इस तरह की लापरवाही बेहद गंभीर है और लोगों की सेहत के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

डॉ. विजया के अनुसार, निरीक्षण में मिली खामियों को लेकर पांचों दुकानों के खाद्य कारोबारियों को नोटिस जारी किए जाएंगे। इसके बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान लोगों को सुरक्षित और स्वच्छ खाद्य पदार्थ, खासकर शुद्ध मिठाइयां उपलब्ध करवाना विभाग की प्राथमिकता है।
उन्होंने मिठाई विक्रेताओं और अन्य खाद्य कारोबारियों से अपील की कि वे अपने प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई बनाए रखें और खाद्य सुरक्षा के सभी निर्धारित मानकों का पालन करें। डॉ. विजया ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए विभाग की ओर से औचक निरीक्षण लगातार जारी रहेंगे।


For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!



