पंजाब के भानुपल्ली के समीप नंगल-आनंदपुर साहिब नेशनल हाईवे पर शुक्रवार को दो कारों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि दोनों कारों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। दुर्घटना में कुल 7 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों में हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले के 4 स्कूली बच्चे भी शामिल हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बिलासपुर जिले के स्वारघाट क्षेत्र के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नांगे ठाकुर के 4 विद्यार्थी साइंस प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए बैहल स्कूल जा रहे थे। बच्चों को स्कूल में कार्यरत एक अध्यापिका की निजी कार में ले जाया जा रहा था और कार उनके पति चला रहे थे। बताया जा रहा है कि कार में अध्यापिका का करीब डेढ़ से 2 वर्ष का छोटा बच्चा भी मौजूद था। इसी दौरान भानुपल्ली के पास सामने से आ रही दूसरी कार से उनकी जोरदार टक्कर हो गई।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों के साथ पंजाब पुलिस और एसएसएफ (सड़क सुरक्षा फोर्स) की टीम ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। क्षतिग्रस्त वाहनों से सभी 7 घायलों को बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार के लिए रक्षा अस्पताल भानुपल्ली पहुंचाया गया। घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद 5 लोगों को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। वहीं, एक घायल को नंगल और एक अन्य को आनंदपुर साहिब के अस्पताल में रेफर किया गया है।
दुर्घटना के कारण नंगल-आनंदपुर साहिब हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और कुछ समय के लिए यातायात पूरी तरह बाधित रहा। पुलिस और एसएसएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाया, जिसके बाद यातायात सुचारू हो सका। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसका पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है।



For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


