शाहपुर विधानसभा क्षेत्र की रैत-कोहला-बल्ला सड़क के निर्माण कार्य में हो रही देरी को लेकर विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और ठेकेदार को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सड़क पर टायरिंग का कार्य तत्काल प्रभाव से शुरू किया जाए, ताकि स्थानीय लोगों को जल्द राहत मिल सके।
शिमला से लौटने के बाद केवल सिंह पठानिया ने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता और संबंधित ठेकेदार के साथ उच्चस्तरीय बैठक कर सड़क निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा की। बैठक के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य में हो रही देरी पर नाराजगी जताई और कहा कि जनता की सुविधा से जुड़े कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही या अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा।

विधायक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि रैत-कोहला-बल्ला सड़क पर टायरिंग का काम बिना देरी शुरू किया जाए, ताकि क्षेत्र के लोगों को आवागमन में आने वाली परेशानियों से राहत मिल सके। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता बनाए रखने और निर्धारित समयसीमा के भीतर परियोजना पूरी करने पर भी विशेष जोर दिया।
केवल सिंह पठानिया ने कहा कि जनता की सुविधा और क्षेत्र का समग्र विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सड़क की खराब स्थिति के कारण लोगों को लंबे समय से दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है और इस समस्या का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। साथ ही उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्माण कार्य की नियमित प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!
