हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में नगर निगम के वाहनों की फिटनेस और पंजीकरण को लेकर सवाल उठने लगे हैं। शहर में नगर निगम के कई कंपेक्टर वाहन बिना पासिंग के सड़कों पर दौड़ रहे हैं, जबकि कूड़ा उठाने के लिए खरीदी गईं 10 इलेक्ट्रिक गाड़ियों पर पांच महीने बाद भी स्थायी नंबर प्लेट नहीं लगी हैं। हैरानी की बात यह है कि इनमें से कुछ वाहन शहर की सील्ड रोड पर भी चल रहे हैं। चालकों की शिकायत के बाद अब नगर निगम प्रशासन से इस मामले में रिपोर्ट ली जाएगी।
पांच कंपेक्टर वाहनों की पासिंग नहीं होने पर चालकों ने की शिकायत
जानकारी के अनुसार, नगर निगम के कई कंपेक्टर वाहन शहर में कूड़ा ढोने के काम में लगे हैं, लेकिन उनकी पासिंग नहीं करवाई गई है। चालकों ने पांच बड़े कंपेक्टर वाहनों की पासिंग नहीं होने को लेकर नगर निगम प्रशासन को लिखित शिकायत दी है। इनमें HP 52 C 4166, HP 52 C 4162, HP 52 C 4161 और HP 52 C 4169 नंबर वाले वाहन शामिल हैं।
इसके अलावा करीब पांच साल पुराना एक अन्य कंपेक्टर वाहन भी बिना पासिंग के चल रहा है। चालकों का कहना है कि इन वाहनों की आज तक पासिंग नहीं करवाई गई, जबकि नियमों के मुताबिक वाहनों की समय-समय पर फिटनेस जांच और जरूरी औपचारिकताएं पूरी करना अनिवार्य है।
चालकों के अनुसार, उन्होंने पहले भी इस संबंध में प्रभारी को शिकायत दी थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद मामला नगर निगम के स्वास्थ्य अधिकारी से लेकर अतिरिक्त आयुक्त तक पहुंचाया गया है।
पांच महीने से सड़कों पर दौड़ रहीं 10 इलेक्ट्रिक गाड़ियां
नगर निगम ने मई में कूड़ा उठाने के लिए 10 इलेक्ट्रिक वाहन खरीदे थे। ये गाड़ियां पिछले करीब पांच महीने से शहर की सड़कों पर चल रही हैं, लेकिन अब तक इन पर स्थायी नंबर प्लेट नहीं लग पाई हैं। इनमें से कई वाहन सील्ड रोड पर भी चल रहे हैं।
परिवहन नियमों के तहत वाहनों का पंजीकरण करवाना और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार नंबर प्लेट लगाना जरूरी है। इसके बावजूद इन इलेक्ट्रिक गाड़ियों पर स्थायी नंबर प्लेट नहीं लगने का मामला सामने आया है। नगर निगम की ओर से वाहनों का पंजीकरण करवाने का दावा किया गया है, लेकिन नंबर प्लेटें अब तक नहीं लगाई गई हैं।
नगर निगम ने इन 10 इलेक्ट्रिक वाहनों को खरीदने पर करीब 1.54 करोड़ रुपये खर्च किए हैं। ऐसे में वाहनों के पंजीकरण और नंबर प्लेट लगाने की प्रक्रिया में देरी को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
अधिकारियों से आज मांगी जाएगी रिपोर्ट
नगर निगम के वाहनों की पासिंग क्यों नहीं करवाई गई और इलेक्ट्रिक गाड़ियों पर स्थायी नंबर प्लेटें अब तक क्यों नहीं लगाई गई हैं, इस बारे में संबंधित अधिकारियों से रिपोर्ट ली जाएगी।
नगर निगम के अतिरिक्त आयुक्त डॉ. भुवन शर्मा ने बताया कि मंगलवार को इस मामले में संबंधित अधिकारियों से रिपोर्ट मांगी जाएगी।



For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


