ऊना। हिमाचल प्रदेश की बेटियां खेलों में लगातार नई ऊंचाइयों को छू रही हैं। इस बार जिला ऊना के गांव जनकौर की होनहार खिलाड़ी प्रिया चंदेल ने हरियाणा के पानीपत में आयोजित सीनियर राष्ट्रीय कुराश प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीतकर पूरे प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। उनकी इस उपलब्धि की पूरे क्षेत्र में सराहना हो रही है।

प्रिया चंदेल एक किसान परिवार से ताल्लुक रखती हैं। उनके पिता सुरेन्द्र कुमार खेतीबाड़ी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं, जबकि उनकी माता सोमा चंदेल गृहिणी हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद प्रिया ने अपनी मेहनत, अनुशासन और समर्पण के दम पर यह साबित कर दिया कि सफलता केवल हौसले और मेहनत से हासिल होती है।

यह पहली बार नहीं है जब प्रिया ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया हो। इससे पहले वह राष्ट्रीय जूडो प्रतियोगिता में भी स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं। इसके अलावा अंडर-19 वर्ग की वेटलिफ्टिंग (भारोत्तोलन) प्रतियोगिता में भी उन्होंने गोल्ड मेडल अपने नाम किया था। प्रिया ने बताया कि हाल ही में कुराश प्रतियोगिता के ट्रायल में चयन होने के बाद उन्होंने राष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिस्सा लिया और स्वर्ण पदक जीतने में सफलता हासिल की। उन्होंने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने माता-पिता, पंचायत और गांव के लोगों के सहयोग को दिया।

राष्ट्रीय प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीतकर जब प्रिया अपने गांव जनकौर पहुंचीं तो पंचायत की ओर से उनके सम्मान में भव्य स्वागत समारोह आयोजित किया गया। ढोल-नगाड़ों और फूल-मालाओं के साथ उनका जोरदार स्वागत किया गया। पंचायत प्रधान परमला देवी ने कहा कि प्रिया ने अपनी मेहनत और शानदार प्रदर्शन से पूरे गांव और जिले का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि प्रिया आज क्षेत्र की बेटियों के लिए प्रेरणा बन चुकी हैं। इस अवसर पर उपप्रधान वीरेन्द्र सिंह, पंचायत सचिव वरिन्द्र सिंह, वार्ड पंच संदीप कुमार, जगदेव सिंह, सुनैना देवी, रिया देवी, पूनम सहित कई पंचायत प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!