पालमपुर। पंजाब से आए सात पर्यटक न्यूगल खड्ड में उस समय फंस गए, जब वापस लौटते समय उनके रास्ते में बनी लकड़ी की अस्थायी पुलिया तेज पानी के बहाव के कारण क्षतिग्रस्त हो गई। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सभी पर्यटकों का सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया।

जानकारी के अनुसार, सभी पर्यटक एक निजी कैफेटेरिया के पास न्यूगल खड्ड के किनारे घूमने पहुंचे थे। घूमते-घूमते वे खड्ड के दूसरे छोर तक पहुंच गए। इसी दौरान वापसी के समय अचानक पानी का बहाव बढ़ गया और लकड़ी की अस्थायी पुलिया क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे सभी लोग बीच रास्ते में फंस गए।

पर्यटकों में तीन पुरुष, दो महिलाएं और दो छोटे बच्चे शामिल थे। दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर लोहे की सीढ़ियों की मदद से अस्थायी रास्ता तैयार किया। सबसे पहले दोनों बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके बाद महिलाओं और फिर पुरुष पर्यटकों को एक-एक कर सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया गया। दमकल विभाग की तत्परता और सूझबूझ के चलते सभी पर्यटकों को सुरक्षित बचा लिया गया।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!