कुल्लू, 4 अक्तूबर: राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू के 6 से 8 अक्तूबर तक मनाली और अटल टनल प्रवास को देखते हुए कुल्लू जिला प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष प्रबंध लागू किए हैं। जिला दंडाधिकारी एवं उपायुक्त डॉ. अमित कुमार शर्मा ने मोटर वाहन अधिनियम, 1988 की धारा 115 और 117 के तहत यातायात व्यवस्था में बदलाव को लेकर आदेश जारी किए हैं।
राष्ट्रपति के प्रस्तावित प्रवास के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस अधीक्षक, कुल्लू की ओर से विस्तृत यातायात संचालन योजना प्रशासन को सौंपी गई थी। इसी योजना के आधार पर विभिन्न मार्गों पर भारी वाहनों सहित अन्य वाहनों की आवाजाही को निर्धारित समय के दौरान प्रतिबंधित, नियंत्रित या वैकल्पिक मार्गों की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
जिला प्रशासन के आदेश के अनुसार 6 अक्तूबर को रात 8 बजे से 7 अक्तूबर को दोपहर 12 बजे तक किसी भी प्रकार के भारी वाहन को अटल टनल की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी। आवश्यकता के अनुसार इन वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाई जा सकती है या उन्हें वैकल्पिक मार्गों की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
इसके अलावा 7 अक्तूबर को पलचान से अटल टनल रोहतांग तक सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। यह व्यवस्था राष्ट्रपति के प्रस्तावित कार्यक्रम और सुरक्षा आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए लागू की जाएगी।
वहीं, 6 से 8 अक्तूबर तक रामबाग से हडिम्बा मंदिर और ओल्ड मनाली की ओर सभी प्रकार के भारी वाहनों की आवाजाही पर भी प्रतिबंध रहेगा।
राष्ट्रपति के काफिले की आवाजाही और सुरक्षा व्यवस्था के दौरान आवश्यकता पड़ने पर अन्य वाहनों को भी कुछ समय के लिए रोका, नियंत्रित या डायवर्ट किया जा सकता है। ऐसे में जिला प्रशासन ने स्थानीय लोगों, पर्यटकों और वाहन चालकों से निर्धारित यातायात व्यवस्था का पालन करने तथा पुलिस और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।
आदेश में आपातकालीन सेवाओं, एंबुलेंस, अग्निशमन वाहनों, पुलिस और सुरक्षा वाहनों के साथ-साथ वीवीआईपी ड्यूटी में तैनात वाहनों को यातायात प्रतिबंधों से छूट दी गई है। इसके अतिरिक्त सक्षम प्राधिकारी द्वारा विशेष रूप से अधिकृत वाहनों को भी सुरक्षा आवश्यकताओं के अधीन आवाजाही की अनुमति दी जा सकेगी।
राष्ट्रपति के मनाली और अटल टनल प्रवास के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से यातायात संबंधी निर्देशों का पालन करने और किसी भी असुविधा से बचने के लिए निर्धारित मार्गों एवं समय का ध्यान रखने का आग्रह किया है।



For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


