शाहपुर। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (ITI) शाहपुर में शनिवार, 21 नवंबर 2026 को दीक्षांत समारोह का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। समारोह में मेधावी विद्यार्थियों को उनकी उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। इस अवसर पर आईएमसी अध्यक्ष इंजीनियर सुरजीत राणा और आईएमसी सदस्य प्रदीप बलौरिया व अश्वनी चौधरी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में संस्थान के प्रधानाचार्य इंजीनियर रवि कुमार, ग्रुप इंस्ट्रक्टर नेक राम ठाकुर, मनोज ठाकुर, कौशल्या देवी सहित अन्य प्रशिक्षक और अनुदेशक भी मौजूद रहे।
समारोह के दौरान 90 प्रतिशत से अधिक उपस्थिति दर्ज करवाने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा विभिन्न कौशल प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान हासिल करने वाले विद्यार्थियों को भी पुरस्कृत किया गया।

हुनर और मेहनत से मिलेगी सफलता : सुरजीत राणा
आईएमसी अध्यक्ष इंजीनियर सुरजीत राणा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि तकनीकी शिक्षा के साथ अनुशासन, मेहनत और व्यावहारिक कौशल को जीवन में अपनाना बेहद जरूरी है। आज के प्रतिस्पर्धात्मक दौर में केवल डिग्री या प्रमाणपत्र से सफलता नहीं मिलती, बल्कि हुनर, मेहनत और काम के प्रति समर्पण युवाओं को आगे बढ़ाते हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों को अपने कौशल को लगातार विकसित करने और रोजगार के उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
प्रशिक्षण को भविष्य की मजबूत नींव बनाएं विद्यार्थी : रवि कुमार
संस्थान के प्रधानाचार्य इंजीनियर रवि कुमार ने विद्यार्थियों से नियमित रूप से कक्षाओं में उपस्थित रहने, अनुशासन बनाए रखने और प्रशिक्षण के दौरान पूरी लगन से सीखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आईटीआई में मिलने वाला प्रशिक्षण विद्यार्थियों के भविष्य की मजबूत नींव है।

उन्होंने विद्यार्थियों को अपने-अपने ट्रेड में दक्षता हासिल कर आत्मनिर्भर बनने और संस्थान का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों की उपलब्धियों की सराहना की गई और उन्हें भविष्य में भी इसी मेहनत व लगन के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया गया। समारोह का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाने के साथ उनके कौशल, अनुशासन और उपलब्धियों को सम्मान देना रहा।


For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


