ऊना: उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने हरोली ब्लॉक कांग्रेस की बैठक में भाजपा पर तीखा हमला बोला। पालकवाह ऑडिटोरियम में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा के नेता टिकट की लड़ाई में उलझे हुए हैं, जबकि कांग्रेस का मिशन विकास है। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हरोली में 1971 से अब तक हुए 12 चुनावों में कांग्रेस 10 बार जीत दर्ज कर चुकी है, जबकि भाजपा को केवल दो बार जीत मिली है। वर्ष 2003 के बाद कांग्रेस लगातार पांच चुनाव जीत चुकी है। उन्होंने कहा कि अब भाजपा में टिकट को लेकर दर्जनभर लोग दौड़ में हैं और वे आपस में ही बयानबाजी कर रहे हैं।
उपमुख्यमंत्री ने हरोली में चल रहे विकास कार्यों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लिए 101 करोड़ रुपये की पेयजल योजना मंजूर हुई है, जबकि पालकवाह में 75 करोड़ रुपये की योजना पर काम चल रहा है। हरोली में 78 पेयजल टैंक बनाए जा चुके हैं और जल्द करीब 100 करोड़ रुपये की पंजावर-पंडोगा पेयजल योजना भी आने वाली है।
उन्होंने कहा कि हरोली कॉलेज के लिए 28 करोड़ रुपये दिए गए हैं और 12 करोड़ रुपये और दिए जाएंगे। इसके अलावा पांच करोड़ रुपये की लागत से होस्टल तथा 12 करोड़ रुपये की लागत से इंडोर स्टेडियम बनाया जा रहा है।
सिम्मी अग्निहोत्री के खिलाफ टिप्पणी नहीं होगी बर्दाश्त
दिवंगत पत्नी प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री को लेकर हुई बयानबाजी पर भी मुकेश अग्निहोत्री ने भाजपा नेताओं को चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि उन्हें गाली देने से कोई फर्क नहीं पड़ता, लेकिन सिम्मी अग्निहोत्री के खिलाफ किसी भी तरह की टिप्पणी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि इसका जवाब ईंट का जवाब पत्थर से दिया जाएगा। हाल ही में सिम्मी अग्निहोत्री को लेकर भाजपा नेता की कथित टिप्पणी के बाद ऊना में राजनीतिक विवाद भी सामने आया था।


For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


