पुलिस थाना रैहन के अंतर्गत छत्र पंचायत में चार दिन से लापता 30 वर्षीय युवक वरिंद्र कुमार का शव जंगल में स्थित एक कुएं से बरामद हुआ है। युवक के परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट थाना रैहन में दर्ज करवाई थी और वे लगातार उसकी तलाश कर रहे थे। इसी दौरान परिजनों को घर से करीब एक किलोमीटर दूर जंगल में स्थित कुएं में युवक का शव मिला। इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी रैहन सुनील कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कुएं से बाहर निकाला। पुलिस की प्रारंभिक जांच में शव पर कोई स्पष्ट चोट के निशान नहीं मिले हैं। हालांकि, युवक की मौत किस वजह से हुई, इसका पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
घटना की सूचना मिलने पर नूरपुर से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धर्मचंद वर्मा भी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल से भौतिक साक्ष्य जुटाने के लिए डीएफयू नूरपुर की टीम को बुलाया गया। टीम ने मौके का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य और नमूने एकत्रित किए।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धर्मचंद वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


