देहरा/जसवां-परागपुर (कांगड़ा)। कांगड़ा जिले के जसवां-परागपुर विधानसभा क्षेत्र से एक ऐसी दर्दनाक घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। जिस घर से कुछ घंटे पहले बेटी की विदाई हुई थी, उसी घर में मंगलवार सुबह बेटे की मौत की खबर पहुंचते ही खुशियां मातम में बदल गईं। बढ़ाल गांव निवासी 30 वर्षीय दिनेश शर्मा की सड़क हादसे में मौत हो गई, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
मृतक की पहचान दिनेश शर्मा (30) पुत्र घनश्याम शर्मा, निवासी बढ़ाल, ग्राम पंचायत बाड़ी, के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार सोमवार रात उसकी बहन का विवाह तलवाड़ा में संपन्न हुआ था। मंगलवार सुबह बहन की विदाई के बाद दिनेश कार से अपने घर लौट रहा था। परिवार शादी की खुशियों में डूबा हुआ था, लेकिन रास्ते में हुई एक दुर्घटना ने सब कुछ बदल दिया।

बताया जा रहा है कि बढ़ाल के समीप उसकी कार अचानक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे के बाद दिनेश किसी तरह वाहन से बाहर निकल आया, लेकिन सुबह का समय होने के कारण काफी देर तक वहां कोई नहीं पहुंच सका। गंभीर रूप से घायल दिनेश मदद का इंतजार करता रहा। कुछ समय बाद स्थानीय लोगों ने उसे देखा और तुरंत निजी वाहन से अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही संसारपुर टैरस थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए देहरा अस्पताल भेज दिया है। शुरुआती जांच में हादसे के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद बढ़ाल गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। जिस घर में कुछ घंटे पहले बेटी की विदाई के दौरान खुशी और भावुकता का माहौल था, वहां अब बेटे के असमय निधन से मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में गहरा शोक व्याप्त है।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!