कांगड़ा पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे एंटी-चिट्टा अभियान के तहत दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने धर्मशाला और पालमपुर क्षेत्र में कुल 16.33 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है। दोनों मामलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

पहली कार्रवाई थाना धर्मशाला पुलिस और सीआईए कांगड़ा की संयुक्त टीम ने चिलगाड़ी क्षेत्र में की। पुलिस के अनुसार बीएसएनएल एक्सचेंज के समीप कार्रवाई के दौरान सोहित कुमार (20 वर्ष) निवासी चक देसराज, तहसील फिल्लौर, जिला जालंधर (पंजाब) के कब्जे से 7.39 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया।

इस मामले में थाना धर्मशाला में एफआईआर संख्या 133/2026 दर्ज की गई है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21, 61 और 85 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
वहीं, दूसरी कार्रवाई थाना पालमपुर पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ की। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 8.94 ग्राम हेरोइन/चिट्टा बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अतुल (42 वर्ष) और पंकज (31 वर्ष), दोनों निवासी घुग्गर टांडा, पालमपुर, जिला कांगड़ा के रूप में हुई है।

इस संबंध में थाना पालमपुर में एफआईआर संख्या 98/2026 दिनांक 27 जुलाई 2026 दर्ज की गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21, 25 और 29 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी नशे की खेप कहां से लाए थे और इसके पीछे कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।

कांगड़ा पुलिस ने कहा है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और नशा तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


