हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर में सरकारी ग्रांट के नाम पर कथित ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। कंप्यूटर इंजीनियरिंग के छात्र सर्वेश शर्मा को 3.5 करोड़ रुपये की ग्रांट मंजूर होने का झांसा दिया गया। मामले का खुलासा होने के बाद राजकीय पॉलिटेक्निक संस्थान हमीरपुर के प्रिंसिपल की शिकायत पर सदर थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सर्वेश संस्थान में कंप्यूटर इंजीनियरिंग के पांचवें सेमेस्टर का छात्र है।
पुलिस के अनुसार, सर्वेश को डिजिटल पत्राचार के जरिए बताया गया था कि उसके ‘रुद्रा एज टी-1 (स्पेक्ट्रा)’ प्रोजेक्ट के लिए भारत सरकार के रक्षा नवाचार संगठन की आईडेक्स (iDEX) पहल के तहत 3.5 करोड़ रुपये की ग्रांट मंजूर की गई है। इस जानकारी के आधार पर छात्र को सरकारी आर्थिक सहायता मिलने का भरोसा दिलाया गया।

अक्तूबर 2026 में रक्षा नवाचार संगठन की ओर से मिली आधिकारिक सूचना में स्पष्ट किया गया कि सर्वेश या उससे जुड़े किसी भी स्टार्टअप को ऐसी कोई ग्रांट मंजूर नहीं की गई है और न ही कोई राशि जारी हुई है। इसके बाद कथित ठगी का मामला सामने आया। घटना के बाद छात्र का चंडीगढ़ स्थित पीजीआई में उपचार चल रहा है।
पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(2), 319 और 336(3) के साथ सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66सी और 66डी के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस अब मामले की जांच कर रही है। साथ ही, लोगों से अपील की गई है कि सरकारी ग्रांट से जुड़े किसी भी संदेश या पत्र पर भरोसा करने से पहले उसकी आधिकारिक पुष्टि जरूर करें। साइबर ठगी का शिकार होने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।


For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


