हिमाचल प्रदेश में सरकार एक बार फिर लॉटरी शुरू करने की तैयारी में है। खास बात यह है कि इस बार ऑनलाइन के बजाय ऑफलाइन यानी कागजी लॉटरी शुरू की जाएगी। कोष, लेखा एवं लॉटरी विभाग ने इसके लिए संशोधित टेंडर जारी कर दिया है। इच्छुक कंपनियां 20 नवंबर तक बोली लगा सकेंगी। लॉटरी टिकट की न्यूनतम कीमत 10 रुपये रखने की योजना है, जबकि हर दिन 12 ड्रॉ निकाले जा सकते हैं। हालांकि, अभी तक प्रत्येक ड्रॉ की पुरस्कार राशि तय नहीं की गई है।
सरकार को हर साल मिलेंगे 10 करोड़ रुपये
लॉटरी संचालन के लिए चुनी जाने वाली कंपनी को सरकार को सालाना 10 करोड़ रुपये लाइसेंस फीस के रूप में देने होंगे। इसके अलावा कंपनी को अपने कुल टर्नओवर का 2 फीसदी हिस्सा भी सरकार के खाते में जमा करना होगा। प्रदेश में लॉटरी टिकटों की बिक्री के लिए कंपनी को एजेंट नियुक्त करने होंगे। साथ ही, टिकट किन-किन स्थानों पर उपलब्ध होंगे, यह भी तय किया जाएगा।

कंपनियों के सुझावों के बाद बदली योजना
टेंडर में कंपनियों से मिले सुझावों के आधार पर बदलाव किए गए हैं। पहले सरकार की योजना ऑनलाइन लॉटरी शुरू करने की थी, लेकिन अब कागजी टिकटों के जरिए लॉटरी चलाने का फैसला लिया गया है। इससे टिकटों की बिक्री के लिए प्रदेश में एजेंटों का नेटवर्क तैयार करना होगा।
होली पर निकल सकता है पहला बंपर ड्रॉ
योजना के तहत अगले साल होली के मौके पर पहला बंपर ड्रॉ निकाले जाने की संभावना है। फिलहाल साल में तीन बंपर ड्रॉ आयोजित करने की योजना बनाई गई है। हालांकि, भविष्य में इनकी संख्या बढ़ाने पर भी विचार किया जा सकता है। अब सबकी नजरें टेंडर प्रक्रिया पूरी होने और लॉटरी शुरू होने की तारीख पर रहेंगी।


For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


