हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में दो संदिग्ध मौतों ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। पहले लापता युवक साहिल कुमार का सड़ा-गला शव बरामद हुआ और अब उसी मामले में आरोपों के घेरे में आए एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस दोनों मामलों को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू की जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार मामला पुलिस थाना ज्वाली के तहत आने वाली पंचायत पनालथ के गांव देहरी का है। मृतक की पहचान गांव देहरी निवासी सुनील कुमार उर्फ नोखा, पुत्र मदन लाल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार को सुनील अपने घर के पास जंगल में अचानक जोर-जोर से चिल्ला रहा था। उसकी आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तो वह अचेत अवस्था में पड़ा मिला। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना उसके परिजनों को दी, जिसके बाद उसे मुख्य सड़क तक लाया गया।
इसी दौरान इलाके में एक और बड़ा घटनाक्रम सामने आया। कुछ ही दूरी पर स्थित एक खंडहर से कई दिनों से लापता युवक साहिल कुमार का सड़ा-गला शव बरामद हुआ। साहिल के परिजनों ने आरोप लगाया कि सुनील कुमार और उसके रिश्तेदारों ने मिलकर उनके बेटे की हत्या की है। इन आरोपों के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया।

जब सुनील कुमार को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था, तब साहिल के परिजनों ने रास्ते में विरोध जताया, जिससे कुछ समय के लिए स्थिति तनावपूर्ण हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस उपाधीक्षक ज्वाली वीरी सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को समझाकर स्थिति को नियंत्रण में लिया। इसके बाद सुनील को सिविल अस्पताल ज्वाली पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज टांडा रेफर किया गया। शनिवार को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने दोनों मामलों को दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सुनील कुमार के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। डीएसपी ज्वाली वीरी सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा। फिलहाल पुलिस दोनों घटनाओं को जोड़कर भी जांच कर रही है और सभी पहलुओं की गहन पड़ताल की जा रही है।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


