फौजियों को लेकर सोशल मीडिया पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी से उठा विवाद आखिरकार बातचीत और संयम के साथ शांत हो गया है। इस मामले में विवादों में घिरी हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले की इन्फ्लुएंसर इशिता पुंडीर ने पूर्व सैनिक संगठन राजगढ़ इकाई के सामने सार्वजनिक रूप से हाथ जोड़कर माफी मांग ली। उन्होंने अपनी गलती स्वीकार करते हुए न केवल खेद जताया, बल्कि भविष्य में ऐसी गलती दोबारा न करने का भरोसा भी दिया।
दरअसल, विवाद की शुरुआत उस वीडियो से हुई थी जिसे इशिता पुंडीर ने सोशल मीडिया पर शेयर किया था। इस वीडियो में फौजियों को लेकर की गई टिप्पणी से लोगों की भावनाएं आहत हो गई थीं। मामला बढ़ने पर पूर्व सैनिक संगठन राजगढ़ इकाई ने राजगढ़ पुलिस थाने में लिखित शिकायत दर्ज करवाई थी। इसके साथ ही प्रदेश कांग्रेस कमेटी के राज्य महासचिव यदोपति ठाकुर ने भी एसपी सिरमौर को शिकायत भेजकर कार्रवाई की मांग की थी। हालांकि विवाद बढ़ने के बाद इशिता ने वीडियो हटा दिया और सोशल मीडिया पर माफी भी मांगी, लेकिन विरोध थमता नहीं दिख रहा था।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए इशिता अपने परिजनों के साथ राजगढ़ पहुंचीं और पूर्व सैनिक संगठन के प्रतिनिधियों से मुलाकात की। यहां उन्होंने पूरे मामले पर खेद जताते हुए साफ कहा कि उनका इरादा किसी भी फौजी या देशवासी का अपमान करने का नहीं था। उन्होंने कहा कि यह उनसे अनजाने में हुई गलती है और उन्हें इसका सच्चा पछतावा है। साथ ही उन्होंने आश्वासन दिया कि भविष्य में ऐसी गलती नहीं दोहराई जाएगी।
इशिता की माफी को स्वीकार करते हुए पूर्व सैनिक संगठन राजगढ़ ने मामले को यहीं समाप्त करने का फैसला लिया और राजगढ़ पुलिस थाने में दी गई शिकायत वापस लेने का ऐलान कर दिया। इसके साथ ही यह विवाद शांत हो गया।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!