उपमंडल इंदौरा में खैर की लकड़ी के अवैध परिवहन के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने दो वाहनों से खैर की लकड़ी के 84 मौछे बरामद किए हैं। कार्रवाई के दौरान एक इनोवा कार और बिना नंबर की पिकअप गाड़ी को कब्जे में लिया गया। इसके अलावा पेड़ काटने में इस्तेमाल होने वाला इलैक्ट्रिक कटर, 10 बैटरियां और 3 चेन भी बरामद की गई हैं। मामले में पुलिस ने 9 लोगों के खिलाफ अभियोग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एएसपी धर्म चंद वर्मा ने बताया कि डमटाल थाना पुलिस की टीम गश्त और नाकाबंदी पर थी। इसी दौरान पठानकोट-मुकेरियां मार्ग पर इंदौरा मोड़ के पास डमटाल की ओर से आ रही इनोवा कार नंबर पीबी 08 बीएल-9788 और बिना नंबर की पिकअप गाड़ी को जांच के लिए रोका गया। तलाशी लेने पर पिकअप से खैर की लकड़ी के 76 मौछे, जबकि इनोवा कार से 8 मौछे बरामद हुए।
उन्होंने बताया कि दोनों वाहनों में सवार लोग खैर की लकड़ी के परिवहन से संबंधित कोई वैध अनुमति पत्र या दस्तावेज पुलिस के सामने पेश नहीं कर सके। इसके बाद वन विभाग के अधिकारियों को मौके पर बुलाया गया और लकड़ी की नियमानुसार पैमाइश करवाई गई। पुलिस ने दोनों वाहनों के साथ खैर की लकड़ी और पेड़ काटने के उपकरणों को भी कब्जे में ले लिया। डमटाल थाना में भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2), 3(5) तथा भारतीय वन अधिनियम की धारा 41 और 42 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
यह लोग नामजद
पुलिस ने मामले में राहुल कुमार, गुरप्रीत सिंह, विकास शर्मा, गोविन्द, बलविन्द्र सिंह उर्फ बंटी, विशाल, अजय कुमार, ओम प्रकाश और अनिल कुमार को नामजद किया है। अब पुलिस खैर के अवैध कटान के मूल स्रोत, लकड़ी को पहुंचाए जाने वाले संभावित गंतव्य और इस तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है। मामले की जांच जारी है।



For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


