Hamirpur: हमीरपुर में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: पंचायत चुनाव से पहले 54 पेटियां अवैध शराब बरामद, मचा हड़कंप

पंचायत चुनावों के मद्देनजर हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले में पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में देसी शराब बरामद की है। जिला पुलिस द्वारा शराब तस्करी, नशे और अन्य गैर कानूनी गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस थाना नादौन को यह अहम सफलता मिली है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार थाना प्रभारी निर्मल सिंह की अगुवाई में पुलिस टीम, जिसमें कृपाल सिंह, कुलदीप कुमार और कुलदीप चंद सहित अन्य कर्मचारी शामिल थे, क्षेत्र में नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि गांव दरताल स्थित शर्मा जनरल स्टोर में बिना लाइसैंस और परमिट के अवैध देसी शराब का भंडारण किया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और दुकान की तलाशी ली।

तलाशी के दौरान पुलिस ने वहां से कुल 54 पेटियां देसी शराब बरामद कीं। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पूरी शराब की खेप को कब्जे में ले लिया और संबंधित व्यक्ति के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि अवैध शराब कहां से लाई गई थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था।

थाना प्रभारी निर्मल सिंह ने बताया कि पंचायत चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न करवाने के लिए पुलिस लगातार नशा तस्करी और गैर कानूनी गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है। वहीं एसडीपीओ नादौन गौरवजीत सिंह ने आम लोगों से अपील की कि यदि कहीं भी अवैध शराब, नशा तस्करी या अन्य गैर कानूनी गतिविधियों की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। उन्होंने कहा कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!