NEP-2020 से लेकर स्कॉलरशिप तक… रिड़कमार कॉलेज के ओरिएंटेशन कार्यक्रम में छात्रों को मिली बड़ी जानकारी

कांगड़ा, 30 जून। राजकीय महाविद्यालय रिड़कमार में मंगलवार को बीए प्रथम सेमेस्टर, द्वितीय वर्ष और तृतीय वर्ष के विद्यार्थियों के लिए ओरिएंटेशन एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के कार्यवाहक प्राचार्य मनोज कुमार की अध्यक्षता में हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को नई शिक्षा नीति, छात्रवृत्ति योजनाओं और शैक्षणिक व्यवस्थाओं से अवगत कराना था।

कार्यवाहक प्राचार्य मनोज कुमार ने विद्यार्थियों को राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP-2020) की प्रमुख विशेषताओं की जानकारी देते हुए बहुविषयक शिक्षा, अकादमिक बैंक ऑफ क्रेडिट (ABC), विषय चयन, कौशल विकास और रोजगारोन्मुखी शिक्षा के महत्व पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने विद्यार्थियों से नई शिक्षा नीति के अनुरूप अपनी पढ़ाई को सुनियोजित ढंग से आगे बढ़ाने और उपलब्ध अवसरों का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान सहायक आचार्य (अर्थशास्त्र) हाकम चंद ने विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं, उनकी पात्रता, आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज और समय-सीमा के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने पात्र विद्यार्थियों से समय पर छात्रवृत्ति के लिए आवेदन करने की अपील की ताकि वे सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।

Advertisement

इसके बाद भूपिंदर सिंह ने विद्यार्थियों को APAAR ID (Automated Permanent Academic Account Registry) के महत्व और इसके लाभों के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को आवश्यक दस्तावेज तैयार रखकर जल्द से जल्द अपनी APAAR ID बनवानी चाहिए, जिससे उनकी शैक्षणिक जानकारी डिजिटल रूप से सुरक्षित रहे।

डॉ. आशा मिश्रा ने महिला प्रकोष्ठ (Women Cell) और रेड रिबन क्लब की गतिविधियों पर प्रकाश डालते हुए महिला सुरक्षा, लैंगिक समानता, स्वास्थ्य जागरूकता, एचआईवी/एड्स जागरूकता और सामाजिक उत्तरदायित्व जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विद्यार्थियों को जागरूक किया। उन्होंने छात्र-छात्राओं से इन गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करने का भी आग्रह किया।

कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया गया और उन्हें महाविद्यालय की शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रेरित किया गया। विद्यार्थियों ने कार्यक्रम को ज्ञानवर्धक और उपयोगी बताते हुए इसकी सराहना की।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!